आम चर्चा

अमरकंटक में प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने की कांवड़ यात्रियों की सेवा, गुरुद्वारा परिसर में भावना बोहरा द्वारा कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क भोजन एवं ठहरने हेतु की गई है व्यवस्था

आस्था और विश्वास का प्रतीक है कांवड़ यात्रा, कांवड़ यात्रियों की सेवा से मिलता है पुण्यदायी फल : भावना बोहरा

कवर्धा।कबीरधाम जिले के कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा हेतु विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी अमरकंटक में 3 जुलाई से 31 जुलाई तक उनके ठहरने एवं भोजन हेतु भावना बोहरा द्वारा निशुल्क व्यवस्था की गई है। गुरुद्वारा परिसर, अमरकंटक में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में कबीरधाम जिले से कांवड़ यात्रियों का आगमन हो रहा है जहाँ संस्थान द्वारा उनकी सेवा की जा रही है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में भक्तगण यहां आयोजित होने वाले महारती में शामिल होते हैं और प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके साथ ही उनके बेहतर स्वास्थ्य हेतु यहां भावना बोहरा द्वारा संचालित निशुल्क मोबाइल हेल्थ पैथ लैब की भी सुविधा उपलब्ध है जहाँ कबीरधाम जिले से आने वाले कांवड़ यात्री एवं भक्तों को निशुल्क स्वास्थ्य परिक्षण की भी सुविधा उपलब्ध हो रही है।

प्रतिदिन यहां कबीरधाम जिले से सैकड़ों की संख्या में कांवड़ यात्री एवं श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है जहाँ संस्थान के सदस्यों द्वारा निस्वार्थ भाव से उनकी सेवा की जा रही है। गुरुद्वारा परिसर, अमरकंटक में आने वाले कबीरधाम जिले के कांवड़ यात्रियों से 12 जुलाई, बुधवार को भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने सपरिवार उनसे सौजन्य भेंट कर उनकी सेवा की और नर्मदा मंदिर एवं जलेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर प्रदेश तथा प्रदेशवासियों की उन्नति व तरक्की की कामना की। इस दौरान भावना बोहरा सहित बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री और श्रद्धालु उपस्थित थे। अरुण साव ने पहले कांवड़ यात्रियों का स्वागत कर उन्हें संबोधित किया एवं महाआरती व भजन संध्या में भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चन की एवं कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को भोजन परोसकर स्वयं उनके साथ सपरिवार भोजन व प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि जनसेवा के साथ-साथ धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में भावना बोहरा द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है जिसके लिए मैं उन्हें और उनकी संस्था के समस्त सदस्यों को बधाई देता हूँ। इस पुण्य कार्य में आज शामिल होकर मुझे बहुत ही प्रसन्नता हो रही है और पवित्र सावन माह के अवसर पर कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सेवा का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ है। कबीरधाम जिले से पधारे समस्त कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं का मैं हार्दिक स्वागत करता हूँ। हमारी धार्मिक सभ्यता के प्रसार एवं उसे संजोने में आप सभी का यह अतुलनीय योगदान हमारी आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करेगा इसके साथ ही सनातन धर्म, संस्कृति उसकी गौरवशाली महिमा को भी पोषित तथा संरक्षित करने का कार्य करेगा।

इस अवसर पर भावना बोहरा ने कहा कि कांवड़ यात्रा भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था एवं विश्वास का प्रतीक है और कांवड़ यात्रियों की सेवा से पुण्यदायी फल मिलता है। श्रावण मास के शुभ अवसर पर कांवड़ यात्रियों की सेवा करने का हमें पुण्य अवसर मिल रहा है जो हमारे लिए सौभाग्य की बात है। हमारी संस्थान हर जरूरतमंद लोगों की सेवा एवं मदद के लिए तत्पर है और किसी भी विषम परिस्थति में हर व्यक्ति की सहायता के लिए दिन-रात कार्य कर रही है। विगत वर्ष भी हमने कबीरधाम जिले से पधारे कांवड़ यात्रियों की सेवा करने और उनकी कठिन यात्रा को सुगम बनाने के लिए एक छोटा सा प्रयास किया था जिसमें हजारों श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों का सहयोग हमें प्राप्त हुआ। उनके इसी सहयोग और स्नेह ने हमें इस वर्ष भी यह सेवा करने की प्रेरणा प्रदान की है। मैं सभी कांवड़ यात्रियों एवं भक्तजनों का आभार व्यक्त करती हूँ की आप सभी ने हमें अपनी सेवा करने का सौभाग्यशाली अवसर प्रदान किया। भजन संध्या में भी हजारों की संख्या में आप सभी की उपस्थिति हमें अपने इन प्रयासों को निरंतर जारी रखने के लिए बल प्रदान करती है। इस सेवा कार्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान करने हेतु मैं पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आदरणीय डॉ. रमन सिंह जी एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री अरुण साव जी को धन्यवाद ज्ञापित करती हूं।

विदित हो कि भावना बोहरा द्वारा लगातार कबीरधाम जिले सहित आस-पास के जिले में निवासरत हर जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए निशुल्क मोबाइल हेल्थ पैथ लैब, निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा, महाविद्यालयीन छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा, दिव्यांगजनों को निशुल्क उपकरण वितरण, सामाजिक, धार्मिक, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिलाओं का सशक्तिकरण, युवाओं को प्रोत्साहन, खेल और गरीब, जरूरतमंद लोगों की सहायता के उद्देश्य के साथ संस्थान द्वारा लगातार सक्रीय भागीदारी निभाते हुए अनवरत कार्य किया जा रहा है।

इस दौरान वरिष्ठ कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं ने प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव का स्वागत किया एवं सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस असर पर हजारों की संख्या में कांवड़ यात्री, भक्तजन, क्षेत्रवासी, वरिष्ठजन एवं भाजपा अमरकंटक तथा जिला भाजपा कवर्धा के पदाधिकारी और कार्यकर्तागण, गुरुद्वारा समिति के सदस्यगण भी उपस्थित थे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button