वनांचल की पांच बेटियां खेलेंगी अंतर विश्वविद्यालयीन हॉकी स्पर्धा, 12 साल से निःशुल्क प्रशिक्षण दे रहे कोच बृजेश चंद्रवंशी की निःस्वार्थ सेवा से चमक रही बेटियों की प्रतिभा

आशु चंद्रवंशी,कवर्धा। वनांचल की बेटियां अब राष्ट्रीय स्तर के खेल मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रही हैं। बोड़ला विकासखंड की एकलव्य खेल अकादमी की पांच खिलाड़ियों का चयन अंतर विश्वविद्यालयीन हॉकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह सफलता न केवल क्षेत्र को गौरवान्वित करने वाली है, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी नई पहचान दे रही है।
वनांचल की पांच बेटियों का राष्ट्रीय मंच पर चयन
एकलव्य खेल अकादमी बोड़ला की खिलाड़ी नेहा धुर्वे, योगिता मेरावी, मीना मरकाम, नम्रता नायक और महेश्वरी नायक का चयन ओडिशा के संबलपुर में 3 से 7 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली अंतर विश्वविद्यालयीन हॉकी प्रतियोगिता के लिए किया गया है। वर्तमान में पांचों खिलाड़ी रायपुर स्थित राज्य हॉकी अकादमी में रहकर नियमित अभ्यास कर रही हैं। प्रतियोगिता में उन्हें अपनी खेल प्रतिभा और कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा।
12 साल से निःशुल्क प्रशिक्षण, बेटियों को बनाया खिलाड़ी
इन खिलाड़ियों की सफलता के पीछे एकलव्य खेल अकादमी बोड़ला के कोच बृजेश चंद्रवंशी का वर्षों का समर्पण और मेहनत है। वे पिछले 12 वर्षों से वनांचल और ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को बिना किसी शुल्क के हॉकी का प्रशिक्षण दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के दम पर अपनी प्रतिभा को निखारा है। गांवों की बेटियों को खेल से जोड़ने और उन्हें बेहतर मंच तक पहुंचाने का उनका प्रयास अब परिणाम देने लगा है। सीमित संसाधनों में बड़ी उपलब्धि हासिल कर इन बेटियों ने साबित किया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती।
कोच की निःस्वार्थ सेवा से चमकी वनांचल की प्रतिभा
महाविद्यालय के प्राचार्य ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। वनांचल की बेटियों ने साबित किया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। उनका चयन क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी खेल के प्रति प्रेरित करेगा। खास बात यह है कि 12 वर्षों से निःशुल्क प्रशिक्षण की पहल अब वनांचल की बेटियों को विश्वविद्यालयीन स्तर की प्रतियोगिता तक पहुंचा रही है।
खेल प्रेमियों ने दी बधाई
जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष अजित चंद्रवंशी और सचिव अविनाश चौहान ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। एकलव्य खेल अकादमी के संरक्षक विदेशी राम धुर्वे, सह-संरक्षक राम किंकर वर्मा, अध्यक्ष विजय पाटिल, उपाध्यक्ष गौतम गुप्ता, कोषाध्यक्ष शगुन राम धुर्वे और सह-सचिव मोहन धुर्वे ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है।



