आम चर्चा

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय गौरव सप्ताह मनाएगी भाजपा, प्रेस वार्ता में जनजातीय समाज के योगदान, केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की दी गई जानकारी

आशु चंद्रवंशी,कवर्धा। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर तक देशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय कवर्धा में जिला स्तरीय प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजेंद्र चंद्रवंशी, प्रदेश प्रवक्ता श्री जसविंदर बग्गा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री विदेशी राम धुर्वे, भाजपा जिला प्रवक्ता श्री काशीराम उइके , अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्री बिहारी राम धुर्वे मुख्य रूप से उपस्थित रहे l प्रेस वार्ता के मुख्य वक्ता केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।

श्री टेकाम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका नारा ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ आज भी स्वाभिमान, अधिकार और आत्मसम्मान का प्रतीक है। जनजातीय समाज के वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन लंबे समय तक उनके बलिदान और संघर्ष को इतिहास में उचित स्थान नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई। यह जनजातीय समाज के गौरव, सम्मान और उनके ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय पहचान देने की महत्वपूर्ण पहल है।

विधायक श्री टेकाम ने कहा कि भाजपा की सरकारों ने जनजातीय समाज के विकास को प्राथमिकता दी है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में वर्ष 1999 में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट वर्ष 2014-15 के 4,497.96 करोड़ रुपये से बढ़ाकर वर्ष 2025-26 में 14,926 करोड़ रुपये किया गया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों सहित देश के जनजातीय बहुल गांवों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। जनजातीय विद्यार्थियों के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, छात्रवृत्ति योजनाएं तथा स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।

श्री टेकाम ने कहा कि भाजपा के लिए जनजातीय समाज केवल एक वर्ग नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। प्रधानमंत्री का संकल्प है कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की बराबर की भागीदारी सुनिश्चित हो। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा, पारंपरिक संस्कृति एवं भाषाओं का संरक्षण और जनजातीय युवाओं को शिक्षा तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत 11 से 18 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 नवंबर को स्मारकों एवं प्रतिमाओं की साफ-सफाई और दीपोत्सव, 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं एवं चित्रों पर पुष्पांजलि तथा 16 से 18 नवंबर तक विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही जनजातीय समाज के महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शोभायात्रा और जनसंपर्क अभियान भी चलाए जाएंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान फगनू राम धुर्वे भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला कार्यकारिणी सदस्य, भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी श्री हेमंत ठाकुर एवं जिला मीडिया प्रभारी श्री मोहन कश्यप सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button