तरेगाँव जंगल डकैती कांड में एक और खुलासा : कबीरधाम पुलिस जमशेदपुर तक पहुंची, चांदी गलाकर खरीदने वाले 2 सहित 7 आरोपी गिरफ्तार, 13 किलो चांदी बरामद

आशु चंद्रवंशी, कवर्धा। तरेगाँव जंगल क्षेत्र में सराफा व्यवसायी से हुई लूट के मामले में कबीरधाम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लूटे गए चांदी के जेवर गलाकर खरीदने और बेचने वाले 2 आरोपी झारखंड के जमशेदपुर से पकड़े गए हैं। पुलिस ने आरोपियों से करीब 13 किलो चांदी, गली हुई चांदी, नगदी और 2 मोटरसाइकिल बरामद की है।
तरेगाँव जंगल डकैती कांड में बड़ी सफलता
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल तथा अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में थाना तरेगाँव जंगल पुलिस ने लगातार अनुसंधान कर एक-एक कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
दिनांक 27.10.2026 को ग्राम दुर्जनपुर मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास सराफा व्यवसायी वेदप्रकाश सोनी का रास्ता रोककर आरोपियों ने डंडे और हाथ-मुक्कों से मारपीट की थी। इसके बाद उनके पास रखे बैग से पुराने-नए चांदी के आभूषण, करीब 15 ग्राम सोना और नगदी लूटकर फरार हो गए थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तरेगाँव जंगल में अपराध क्रमांक 20/2026 धारा 309(6), 126(2), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए विवेचना में धारा 310(2), 310(4) बीएनएस भी जोड़ी गई।
पहले चरण में 3 आरोपी गिरफ्तार, 11.9 किलो चांदी बरामद
पुलिस ने 31.10.2026 को निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर 11.9 किलोग्राम चांदी के आभूषण, एक बजाज पल्सर एन.एस. मोटरसाइकिल और 1500 रुपये नगद बरामद किए गए।
दूसरे चरण में बिलासपुर से पकड़े गए 2 फरार आरोपी
फरार चल रहे आरोपी अरुण उर्फ अन्नू बंजारे और प्रेम उर्फ प्रीतम उर्फ ब्रो उर्फ बोरो घृतलहरे को मुखबिर की सूचना पर बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट का कुछ माल बेचकर 1,02,000 रुपये प्राप्त करना बताया। पुलिस ने अरुण से 34,000 रुपये और प्रेम से 50,000 रुपये, कुल 84,000 रुपये बरामद किए। शेष रकम खर्च होना बताया गया।
तीसरे चरण में जमशेदपुर से 2 आरोपी पकड़े, गली हुई चांदी मिली
विवेचना के दौरान पता चला कि लूटे गए जेवर जमशेदपुर में बेचे गए हैं। पुलिस टीम आरोपी प्रेम को साथ लेकर जमशेदपुर पहुंची। वहां सुमंतो घोड़ाई उर्फ कोबो और सुरेश नाना माने को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में सुमंतो ने बताया कि 29.10.2026 को प्रेम एक अन्य व्यक्ति के साथ उसके पास चांदी के करधन और पायल बेचने आया था। बाद में जेवर को सुरेश के पास गलाकर 1.124 किलोग्राम चांदी तैयार की गई और 1,14,000 रुपये में बेची गई। इसमें से 1,02,000 रुपये प्रेम को दिए गए और 12,000 रुपये अपने पास रख लिए।
सुरेश नाना माने की निशानदेही पर लाल रंग के थैले में रखी 1.124 किलोग्राम गली हुई चांदी, कीमत 1,14,000 रुपये, गवाहों के समक्ष जप्त कर सीलबंद की गई। दोनों पर धारा 317(2) बीएनएस जोड़ी गई। 04.11.2026 को दोनों को जमशेदपुर न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर लाकर 05.11.2026 को न्यायालय में पेश किया गया।
अब तक कुल 7 गिरफ्तार, 13 किलो चांदी बरामद
पुलिस ने अब तक प्रकरण में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे 11.9 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 1.124 किलोग्राम गली हुई चांदी, नगदी रकम और 2 बजाज पल्सर एन.एस. मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
एसपी की मॉनिटरिंग से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि जिले में गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। दुर्जनपुर डकैती प्रकरण में घटनास्थल से बिलासपुर और जमशेदपुर तक टीम भेजकर की गई कार्रवाई इसी का परिणाम है।
इस कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी अजाक/साइबर प्रशांत देवांगन, थाना प्रभारी तरेगाँव जंगल संग्राम सिंह, साइबर थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर, बोडला थाना प्रभारी रूपक शर्मा, पंडरिया थाना प्रभारी अजय सिन्हा, पांडातरई थाना प्रभारी कमलाकांत शुक्ला और कुकदुर थाना प्रभारी संतोष मिश्रा सहित अन्य टीमों की अहम भूमिका रही।



