आम चर्चा

बोड़ला में बलराम सदन पर अब भी VIP ताला : दोपहर की तेज धूप में जमीन पर बैठने को मजबूर किसान, अब तक नहीं हो पाया लोकार्पण

आशु चंद्रवंशी, बोड़ला/कवर्धा।कबीरधाम जिले के बोड़ला तहसील में किसानों की सुविधा के लिए लाखों की लागत से बना ‘बलराम सदन’ आज भी प्रशासनिक संवेदनहीनता का शिकार है। हालात ये हैं कि दोपहर में तेज धूप के बावजूद किसानों के बैठने के लिए कोई जगह नहीं है, जबकि सामने बना आलीशान बलराम सदन महीनों से ताले में बंद है।

तहसील कार्यालय में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किसानों का आना-जाना लगा रहता है। वनांचल के गांवों से 30-40 किमी सफर कर किसान अपने काम से आते हैं, लेकिन बैठने की कोई व्यवस्था नहीं होने से उन्हें खुले में, जमीन पर बैठकर घंटों इंतजार करना पड़ता है। दोपहर 12 बजे के बाद धूप इतनी तेज हो जाती है कि खड़े रहना भी मुश्किल है।

एक किसान ने बताया – “सामने बलराम सदन बना है, पर गेट पर ताला लटका है। हम धूप में तप रहे हैं। क्या ये भवन हमारे लिए नहीं बना था?”

क्या वीआईपी की चमक के आगे फीका है किसानों का पसीना?

सवाल यह उठता है कि आखिर यह दरवाजा किसके लिए बंद है। क्या प्रशासन किसी ‘बड़े नेता’ या ‘वीवीआईपी’ के फीता काटने का इंतजार कर रहा है ? स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है कि जब भवन जनता के पैसे से बना है, तो किसी नेता के इंतजार में किसानों को धूप में तपने के लिए क्यों छोड़ दिया गया है? कवर्धा में सर्वसुविधा युक्त सदन शुरू हो चुका है, तो बोड़ला के किसानों के साथ यह सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है?
लोकार्पण की तारीख बड़ी या किसान की जान? भीषण गर्मी में लू लगने से यदि किसी किसान की तबीयत बिगड़ती है, तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? एसी में बैठे साहबों को धूप क्यों नहीं दिखती? जब अधिकारी खुद ठंडी हवा में बैठते हैं, तो किसानों के लिए बना सदन बंद क्यों है?यह केवल एक भवन की बात नहीं है, यह अन्नदाता के आत्मसम्मान की बात है। यदि तत्काल इस सदन के द्वार किसानों के लिए नहीं खोले गए, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि प्रशासन को किसानों की सेवा से ज्यादा ‘वीआईपी संस्कृति’ की चाकरी में दिलचस्पी है।

बिना उद्घाटन के ही दरारें, गुणवत्ता पर सवाल

जिस भवन का उद्घाटन भी नहीं हुआ, उसकी दीवारों पर दरारें आने लगी हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

किसानों की मांग है कि अगर VIP को समय नहीं मिल रहा तो बिना लोकार्पण के ही सदन को तत्काल जनता के लिए खोल दिया जाए, ताकि दोपहर की धूप में उन्हें बैठने के लिए छाया तो नसीब हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button