तिमाही परीक्षा के प्रश्नपत्रों में त्रुटि को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन

आशु चंद्रवंशी,कवर्धा। तिमाही परीक्षा की व्यवस्था एवं प्रश्नपत्रों में सामने आई त्रुटियों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
मुद्रित प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने की मांग
संघ ने कक्षा 1 से 8 तक के प्रश्नपत्रों को सॉफ्ट कॉपी के बजाय मुद्रित रूप में उपलब्ध कराने तथा प्रश्नपत्रों को त्रुटिरहित तैयार करने की मांग रखी। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर द्वारा 30 जुलाई 2026 को जारी निर्देश के अनुसार 21 सितंबर से तिमाही परीक्षा आयोजित की जानी थी। कक्षा 1 से 12 तक के प्रश्नपत्रों की छपाई कर विकासखंड के माध्यम से संकुलों तक भेजने की व्यवस्था निर्धारित थी। हालांकि कक्षा 1 से 8 तक के प्रश्नपत्र सॉफ्ट कॉपी के माध्यम से भेजे गए, वहीं कुछ प्रश्नपत्रों में त्रुटियां भी सामने आईं।
बजट अभाव का हवाला, सुधार का आश्वासन
इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कक्षा 1 से 8 तक प्रश्नपत्रों की छपाई के लिए बजट के अभाव की जानकारी दी तथा मामले से डीपीआई को अवगत कराने की बात कही। प्रश्नपत्रों में त्रुटियों को लेकर आगामी परीक्षाओं में विशेष सावधानी बरतने का आश्वासन दिया गया। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था विवाद का विषय नहीं बननी चाहिए।
अन्य मांगों पर भी हुई चर्चा
बैठक में अवकाश पर रहने वाले शिक्षकों का वेतन नहीं रोकने का मुद्दा भी उठाया गया। डीईओ ने बताया कि अवकाशधारी शिक्षकों की जानकारी मंगाई जा रही है तथा उनका वेतन नहीं रोका जाएगा। इसके अलावा प्राथमिक शाला बोराइकछार में शिक्षक के स्थानांतरण के कारण उत्पन्न एकल शिक्षक की स्थिति से भी अधिकारी को अवगत कराया गया। इस पर तत्काल शिक्षा दूत की पदस्थापना का आश्वासन दिया गया। उच्च परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों के आवेदन संबंधी प्रस्ताव जेडी कार्यालय भेजने पर भी चर्चा हुई।
ये रहे मौजूद
इस दौरान संभाग अध्यक्ष एवं प्रभारी विनोद गुप्ता, जिलाध्यक्ष धनुक वर्मा, संभाग उपाध्यक्ष मार्कण्डेय साहू, महासचिव केडी वैष्णव, ब्लॉक अध्यक्ष महेश पाली सहित गणेश पटेल, राजू मेश्राम, कामता चन्द्रवंशी, लतीफ कुरैशी, मुरली झारिया, दिनेश चन्द्रवंशी, छोटे लाल पाटिल, गिरधर वर्मा, संतोष निषाद, अर्जुन लहरे, जिनेंद्र रत्नाकर, नितेन्द्र गजपाल, सुरेश वर्मा, टेकराम डड़सेना सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



