आम चर्चा

शिक्षक त्रिभुवन राम साहू गढ़ रहे हैं बच्चों का भविष्य :प्रज्ञा ज्ञानोदय केंद्र रक्से के निःशुल्क ऑनलाइन क्लास से जवाहर नवोदय विद्यालय में 5 और प्रयास विद्यालय में 17 बच्चो का चयन

आशु चंद्रवंशी,बड़ेगौटिया/कवर्धा।शिक्षक राष्ट्र व युग का निर्माता होता है जो अपनी कर्मठता,अनुशासन,ईमानदारी, त्याग और समर्पण से एक ऐसी पीढ़ी का निर्माण कर देता है जो देश,समाज को नई ऊँचाई तक ले जाता है। आज समाज में ऐसे भी शिक्षक हैं जो खुद को परिश्रम व त्याग रूपी अग्नि में जलाकर बच्चों का भविष्य गढ़ने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।ऐसा ही शिक्षा के क्षेत्र में एक शिक्षक कबीरधाम जिले के विकासखंड सहसपुर लोहारा के अंतर्गत ग्राम रक्से निवासी शासकीय हाई स्कूल बामी में पदस्थ व्याख्याता (गणित) त्रिभुवन राम साहू हैं, जो दिखने में भले ही सामान्य हो पर उनका कार्य उन्हें असामान्य बना देता है।

ऐसे तो त्रिभुवन राम साहू अपने प्रारंभिक शिक्षकीय कार्य के समय से ही बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देते आ रहे हैं पर वर्ष 2016 से गायत्री परिवार के सप्त आंदोलनों में से एक शिक्षा आंदोलन से प्रेरित और संकल्पित होकर ज्ञान-यज्ञ की मशाल लेकर “प्रज्ञा ज्ञानोदय केंद्र रक्से” नाम से निःशुल्क क्लास का शुभारंभ किया और कोविड -19 के समय से जब बच्चों की पढ़ाई ठप सी हो गयी थी तब ऐसे विपरीत समय में अपने सीमित संसाधन से निःशुल्क ऑनलाइन की शुरुआत कर ज्ञान -यज्ञ की ज्योति घर बैठे घर- घर पहुँचा रहे हैं। धीरे-धीरे अपने स्व संसाधन से लैपटॉप, प्रिंटर और आवश्यक तकनीकी सामान ख़रीद कर जवाहर नवोदय विद्यालय,प्रयास विद्यालय प्रवेश परीक्षा, छात्रवृत्ति परीक्षा, शिक्षक भर्ती एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षा की निःशुल्क ऑनलाइन कक्षा संचालित कर रहे हैं।

श्री साहू शिक्षकीय कार्य के साथ-साथ व्यक्तिगत जीवन से प्रतिदिन 3-4 घण्टे समय निकाल कर पीपीटी,पीडीएफ ,गूगल फॉर्मेट, प्रश्न पत्र तैयार कर बच्चों को समर्पित भाव से तैयारी करवा रहे हैं जिससे विभिन्न जिलों के सैंकड़ों बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। जिसके परिणाम स्वरूप इस सत्र 2023 में जवाहर नवोदय विद्यालय (कक्षा 6 वीं) में 5 बच्चों का चयन , प्रयास विद्यालय (9 वी) में 12 बच्चों का चयन,नवीन प्रयास विद्यालय (SC,OBC 9वी) में 4 बच्चो का चयन,एकलव्य विद्यालय में 6 बच्चों का चयन, शिक्षक भर्ती परीक्षा में 3 का चयन हुआ है। अब तक 50 से भी अधिक बच्चों का चयन नवोदय विद्यालय में , 50 से भी अधिक बच्चे छात्रवृत्ति परीक्षा में,18 बच्चों का चयन प्रयास विद्यालय में हो चुका है।

श्री साहू अपने विद्यालय हाई स्कूल बामी में बच्चों का स्तर और बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए समय-समय पर अतिरिक्त कक्षा भी लेते रहते हैं। जिससे 10वी के परीक्षा परिणाम भी बेहतर आ रहे हैं। इस वर्ष इस विद्यालय के 10 वीं की छात्रा कु.नीता साहू का चयन प्रयास विद्यालय कक्षा 11 वीं के लिए हुआ है जिसका राज्य में अपने वर्ग में 4था रैंक था।इस पुनीत कार्य के लिए शिक्षक त्रिभुवन राम साहू कई सम्मान से सम्मानित हो चुके हैं -2016 में ज्ञानदीप पुरस्कार,2021 में नवाचारी शिक्षक सम्मान, 2022 में शिक्षक सम्मान (साहू समाज द्वारा),2023 में नई दुनिया द्वारा प्रतिभा सम्मान,2023 में उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान ( प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ गायत्री परिवार द्वारा) आदि।

श्री साहू के कार्य से प्रेरित होकर समय -समय पर शिक्षक राम गोपाल चिरामे, नंद किशोर साहू ,सोहन सिन्हा भी सहयोग प्रदान करते रहते हैं। श्री साहू का ऑनलाइन पढ़ने वाले विद्यार्थियों से यही अपेक्षा है कि राष्ट्र हित व लोकहित में अपना योगदान दें।

खबरों एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – आशु चंद्रवंशी (BJMC)

मो. न. – 9981831501

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button