आम चर्चा

बोक्कर खार में नन्हीं बेटी चाँदनी मेरावी के हाथों हुआ नवीन आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण

“हमारे विकास का सबसे सुंदर केंद्र हमारे बच्चे हैं, इसलिए आज लोकार्पण भी उन्हीं के हाथों कराया” — नितेश अग्रवाल

कवर्धा। कवर्धा विधानसभा के सुदूर अंचल बोक्कर खार में आज नवीन आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण, आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम एवं पोषण चौपाल का आयोजन आत्मीय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में नन्ही बेटी चाँदनी मेरावी के साथ भाजपा जिला महामंत्री नितेश अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू ने सहभागिता करते हुए नवीन भवन का लोकार्पण किया तथा ग्रामीणों की सभा को संबोधित किया।

कार्यक्रम का सबसे विशेष और भावनात्मक क्षण उस समय आया, जब नवीन आंगनवाड़ी भवन का फीता स्वयं नितेश अग्रवाल और जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने आंगनवाड़ी में पढ़ने वाली एक नन्हीं बच्ची के हाथों कटवाकर भवन का शुभारंभ कराया। बच्ची के हाथों हुए इस लोकार्पण ने पूरे आयोजन को एक अलग ही संदेश और आत्मीयता प्रदान की।

इस अवसर पर नितेश अग्रवाल ने कहा, “आंगनवाड़ी हमारे गांव के बच्चों के जीवन की पहली पाठशाला है। यहां केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा ही नहीं मिलती, बल्कि बच्चों के भविष्य की नींव तैयार होती है। इसलिए हमने तय किया कि इस नए भवन का शुभारंभ भी उसी नन्हीं बच्ची के हाथों हो, जिसके बेहतर भविष्य के लिए यह भवन बनाया गया है। हमारे विकास का सबसे सुंदर केंद्र हमारे बच्चे हैं और उनकी मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास निरंतर जारी है। गांव, गरीब, महिला और बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना विकास की वास्तविक सार्थकता है। दूरस्थ अंचलों में बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

नितेश अग्रवाल ने कहा कि सेवा केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग से आत्मीय संवाद और उनके सुख-दुःख में सहभागी बनना भी सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिन दीदियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता के क्षेत्र में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिन दीदियों का सम्मान किया गया। वहीं पोषण चौपाल के माध्यम से मातृ एवं शिशु पोषण, स्वास्थ्य और बच्चों के समुचित विकास को लेकर ग्रामीण महिलाओं से संवाद किया गया। इसके पश्चात आयोजित सभा में नितेश अग्रवाल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री राम किंकर वर्मा, जनपद उपाध्यक्ष श्री नंद श्रीवास, जिला पंचायत सदस्य श्री लोकचंद साहू, जनपद सभापति श्री छोटेलाल मरकाम, सरपंच श्री मंगतूराम, सरपंच श्री सुरेश धुर्वे, जिला भाजपा उपाध्यक्ष श्री परेटन वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, मितानिन दीदियां तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं नागरिक उपस्थित रहे।

नन्हीं बच्ची के हाथों नए आंगनवाड़ी भवन का शुभारंभ कर बोक्कर खार में आयोजित यह कार्यक्रम विकास के साथ संवेदना और सेवा की भावना का सुंदर संदेश दे गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button