आम चर्चा

कबीरधाम जिला कबड्डी संघ ने चैंपियन संजू देवी यादव को दी बधाई, स्वर्ण पदक जीतने पर जताया गर्व

आशु चंद्रवंशी, कवर्धा। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है। फाइनल में ईरान को हराकर टीम ने यह उपलब्धि हासिल की। इस ऐतिहासिक जीत के बाद प्रदेश कबड्डी संघ और कबीरधाम जिला कबड्डी संघ के पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी यादव से मुलाकात कर बधाई और शुभकामनाएं दी।

स्वर्णिम जीत में छत्तीसगढ़ की बेटी का अहम योगदान

इस जीत में कोरबा जिले के केराकछार गांव की 24 वर्षीय संजू देवी यादव ने रेडर के रूप में निर्णायक भूमिका निभाई। बांग्लादेश के खिलाफ 42-21 और सेमीफाइनल में नेपाल के खिलाफ 48-24 की जीत में उनके रेड अहम रहे।

कबीरधाम के पदाधिकारियों ने कहा – यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण

कबीरधाम जिला कबड्डी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि संजू की यह सफलता न केवल कोरबा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश के लिए गर्व का क्षण है। उनकी यह यात्रा प्रदेश की हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

बधाई देने वालों में दिनेश चंद्रवंशी, अध्यक्ष जिला कबड्डी संघ एवं उपाध्यक्ष प्रदेश कबड्डी संघ, राकेश कश्यप, सचिव जिला कबड्डी संघ एवं कोषाध्यक्ष प्रदेश कबड्डी संघ और सुरेश चंद्रवंशी, अध्यक्ष बोड़ला ब्लॉक कबड्डी संघ शामिल रहे। तीनों पदाधिकारी कबीरधाम जिले से हैं।

ड्राइवर की बेटी से वर्ल्ड चैंपियन तक का सफर

संजू के पिता रामजी यादव ड्राइवर और दैनिक मजदूर हैं और माता अमरिका बाई गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। इससे पहले 2025 में ढाका में हुए महिला कबड्डी वर्ल्ड कप में भी वे विजेता टीम का हिस्सा थीं और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रही थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button