आम चर्चा

नेउरगाँव खुर्द में देशभक्ति और आस्था का महासंगम : युवा मुट्ठी संगठन की मेहनत लाई रंग, 10 लाख के जनसहयोग से बना भव्य शहीद स्मारक

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया भारत माता की प्रतिमा का लोकार्पण और दी लाखों के विकास कार्यों की सौगात

आशु चंद्रवंशी,कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम नेउरगाँव खुर्द में देशभक्ति, आस्था और सामाजिक समरसता का एक अद्भुत और ऐतिहासिक संगम देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गाँव में जनभागीदारी से निर्मित भारत माता की प्रतिमा और भव्य शहीद स्मारक का लोकार्पण किया। इस पूरे आयोजन को एक ऐतिहासिक स्वरूप देने में गाँव के ‘युवा मुट्ठी संगठन’ ने जो अद्वितीय भूमिका निभाई है, उसकी आज पूरे क्षेत्र में भूरि-भूरि प्रशंसा हो रही है।

जनभागीदारी की अद्भुत मिसाल बना नेउरगाँव खुर्द

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नेउरगाँव खुर्द ने पूरे प्रदेश के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने बताया कि इस शहीद स्मारक के निर्माण की शुरुआत उनकी विधायक निधि से प्रदत्त 3.50 लाख रुपए से हुई थी। लेकिन गाँव के युवाओं और ग्रामीणों ने इसे केवल एक निर्माण कार्य न मानकर अपनी श्रद्धा का प्रतीक बना दिया। गाँव के हर घर से चंदा एकत्र कर लगभग 10 लाख रुपए की लागत से इस भव्य स्मारक का निर्माण कराया गया, जो राष्ट्रप्रेम का एक अनुकरणीय उदाहरण है।

तीन दिवसीय महायज्ञ: भक्ति, संस्कृति और एकता का विराट संगम

यह भव्य आयोजन तीन दिवसीय धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक महायज्ञ के रूप में संपन्न हुआ जिसमें प्रथम दिवस: भगवान ठाकुर देव महाराज और ग्राम देवी-देवताओं की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और हवन किया गया।द्वितीय दिवस: ठाकुर देव महाराज को भव्य रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। मातृशक्ति द्वारा निकाली गई विशाल कलश यात्रा ने पूरे गाँव को भक्तिमय कर दिया। तृतीय दिवस: उप मुख्यमंत्री के करकमलों से भारत माता और अमर शहीदों की प्रतिमाओं का अनावरण हुआ, जिसने हर ग्रामवासी का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया।

‘युवा मुट्ठी संगठन’ की सराहनीय भूमिका

इस पूरे आयोजन की सफलता की रीढ़ ग्राम का ‘युवा मुट्ठी संगठन’ रहा। संगठन के युवाओं ने दिन-रात एक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की और गाँव के हर घर, हर समाज को एक परिवार की तरह इस पुनीत कार्य से जोड़ा। संगठन की एकता, अथक परिश्रम और उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता के कारण ही इतना विशाल आयोजन बिना किसी बाधा के संपन्न हुआ। युवाओं के इस जोश और समर्पण ने यह साबित कर दिया कि जब पूरा गाँव एक संकल्प के साथ खड़ा होता है, तो असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं। वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और युवाओं की इस ‘मुट्ठी’ की ताकत ने गाँव के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।

उप मुख्यमंत्री ने दी विकास कार्यों की झड़ी

इस ऐतिहासिक अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामवासियों को लाखों रुपए के विकास कार्यों की अमूल्य सौगातें दीं। इन घोषणाओं में प्रमुख रूप से शामिल हैं: जिसमें नया उप स्वास्थ्य केंद्र भवन,पटेल समाज के लिए शाकंभरी भवन,नवीन पंचायत भवन,साहू समाज के लिए माँ कर्मा भवन,मंदिर परिसर के पास सामुदायिक भवन,बाउंड्रीवॉल एवं कंक्रीटीकरण के कार्य।

गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, रामकिंकर वर्मा सहित भारी संख्या में ग्रामवासी, मातृशक्ति और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button