प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष : विश्वास, विकास और जनकल्याण की ऐतिहासिक यात्रा पर भाजपा की प्रेस वार्ता आयोजित

आशु चंद्रवंशी,कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी जिला कबीरधाम द्वारा सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल एवं ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” विषय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता के मुख्य वक्ता भाटापारा के पूर्व विधायक श्री शिवरतन शर्मा रहे।
शिवरतन शर्मा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सुशासन, पारदर्शिता, राष्ट्रीय गौरव और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। मोदी सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को शासन का आधार बनाते हुए योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह 12 वर्ष केवल सरकार के कार्यकाल का नहीं बल्कि जनता के विश्वास, विकास और राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम अध्याय का प्रतीक हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं में पारदर्शिता लाने के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) और आधार आधारित सत्यापन से 4.31 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई है। पिछले वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जबकि 81 करोड़ से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया गया है।
शिवरतन शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के खाते शामिल हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 57.79 करोड़ से अधिक ऋण स्वीकृत किए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 11 करोड़ से अधिक किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में भेजी गई है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक पक्के मकान, उज्ज्वला योजना के तहत लगभग 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन, तथा जल जीवन मिशन के माध्यम से 16 करोड़ से अधिक घरों तक नल से जल पहुंचाने का कार्य किया गया है।
मुख्य वक्ता ने कहा कि मोदी सरकार ने केवल आर्थिक विकास ही नहीं किया, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय अस्मिता को भी नई पहचान दिलाई है। पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नई संसद भवन, कर्तव्य पथ तथा हर घर तिरंगा जैसे अभियान देश में राष्ट्रीय चेतना के प्रतीक बने हैं। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और दुनिया के सबसे लोकप्रिय लोकतांत्रिक नेता के रूप में प्रधानमंत्री मोदी की स्वीकार्यता भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने योजनाओं को जनभागीदारी से जोड़कर शासन को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। स्वच्छ भारत अभियान, फिट इंडिया, एक पेड़ मां के नाम, वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने समाज को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाया है।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, जिला महामंत्री मुकेश ठाकुर, नितेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी, परेटन वर्मा, कृष्ण कुमार वैष्णव, प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामकुमार भट्ट, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, मीडिया प्रभारी मोहन कश्यप सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



