आम चर्चा

प्रधान पाठक सुरेश कुमार चंद्रवंशी को मिलेगा मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण, संभाग स्तरीय उत्कृष्ट प्रधान पाठक सम्मान, बोड़ला ब्लॉक कबड्डी संघ अध्यक्ष के रूप में भी बच्चों का कर रहे हैं भविष्य निर्माण

आशु चंद्रवंशी,बोड़ला । कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अचानकपुर के लिए यह गर्व और हर्ष का अवसर है। यहाँ के शासकीय प्राथमिक विद्यालय के प्रधान पाठक श्री सुरेश कुमार चंद्रवंशी जी का चयन मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण के तहत संभाग स्तरीय उत्कृष्ट प्रधान पाठक प्राथमिक शाला के लिए हुआ है।

संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा दुर्ग संभाग द्वारा जारी सूची में दुर्ग संभाग के सात जिलों के उत्कृष्ट शिक्षकों के नाम घोषित किए गए हैं, जिसमें कबीरधाम जिले से अचानकपुर के प्रधान पाठक का नाम शामिल है।

शिक्षा के साथ खेल के भी प्रणेता

श्री चंद्रवंशी जी की पहचान केवल एक प्रधान पाठक तक सीमित नहीं है। वे शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करते हैं। वे बोड़ला विकासखंड कबड्डी संघ के अध्यक्ष भी हैं।अपने निस्वार्थ भाव और कठिन परिश्रम से उन्होंने अचानकपुर के 7 से अधिक बच्चों को राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता तक पहुँचाया है। वे विद्यालय समय के बाद भी बच्चों को पढ़ाई और खेल कौशल दोनों में निपुण बनाने के लिए मेहनत करते हैं। उनका मानना है कि एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है।

शिक्षा की अलख जगाने वाले शिक्षक है सुरेश चंद्रवंशी

अचानकपुर जैसे क्षेत्र में जहाँ संसाधनों की कमी है, वहाँ श्री चंद्रवंशी जी ने अपने समर्पण से विद्यालय को एक आदर्श विद्यालय बनाया है। उनकी कार्यशैली, बच्चों के प्रति प्रेम और अनुशासन की भावना से आज विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति और शिक्षा के स्तर में बड़ा सुधार देखने को मिला है।

क्षेत्र में हर्ष की लहर, दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

उनके चयन की खबर मिलते ही पूरे ग्राम अचानकपुर, बोड़ला क्षेत्र और कबीरधाम जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामवासियों, पालकों, छात्र-छात्राओं और शिक्षक साथियों ने हर्ष व्यक्त किया है।सभी क्षेत्रवासियों और जिलेवासियों ने श्री सुरेश कुमार चंद्रवंशी को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button