आम चर्चा

हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति का महायज्ञ : भाजपा जिला महामंत्री नितेश अग्रवाल

आशु चंद्रवंशी,बोड़ला/कवर्धा। देशभर में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी कबीरधाम के जिला महामंत्री नितेश अग्रवाल ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिले के समस्त नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का सशक्त आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा केवल कपड़ों का एक टुकड़ा या महज एक प्रतीक नहीं है, बल्कि यह हमारे भारत देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता, अनगिनत बलिदानियों के त्याग और राष्ट्रीय भावना का महान प्रतीक है।

हर घर और प्रतिष्ठान में फहरेगा देशभक्ति का प्रतीक

भाजपा जिला महामंत्री नितेश अग्रवाल ने आम जनता, व्यापारियों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अपील करते हुए कहा कि इस गौरवशाली अभियान के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक अपने-अपने घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, निजी एवं शासकीय संस्थानों पर पूर्ण सम्मान और गरिमा के साथ तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा, हर घर तिरंगा हमारा अभिमान है और ‘हर दिल तिरंगा हमारी पहचान’ है। आइए, हम सब मिलकर अपने घरों और प्रतिष्ठानों में तिरंगे को ससम्मान स्थान दें और एक सशक्त, एकजुट तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दें।

संगठन के नियमों और ध्वज संहिता के पालन का दिया संदेश

अभियान को सुचारू, अनुशासित और गरिमामय ढंग से संचालित करने के लिए नितेश अग्रवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संगठनात्मक दिशा-निर्देश भी दिए।  संगठन के प्रत्येक बूथ स्तर के कार्यकर्ता की यह जिम्मेदारी है कि वे न केवल हर घर तक तिरंगा पहुँचाना सुनिश्चित करें, बल्कि आमजनों को राष्ट्रध्वज के सही रखरखाव, सम्मानपूर्वक फहराने और ध्वज को सुरक्षित और ससम्मान रखने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक भी करें।

जन-आंदोलन बनेगा तिरंगा अभियान – नितेश

नितेश अग्रवाल ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य इस अभियान को किसी औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि इसे कबीरधाम जिले के हर गांव, हर टोले और हर वार्ड में एक भव्य जन-आंदोलन का रूप देना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी और जनजागरण अभियानों के माध्यम से जन-जन को जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने ‘जय हिंद’ और ‘वंदे मातरम’ के ऊर्जावान उद्घोष के साथ जिलेवासियों से अपील की कि इस स्वतंत्रता दिवस पर अपनी राष्ट्रभक्ति को प्रकट करते हुए हर घर में तिरंगा लहराएं और आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रप्रेम व समर्पण की भावना को और अधिक मजबूत करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button