कृषक सहयोग संस्थान की पहल : स्वामी आत्मानंद विद्यालय बोड़ला में विश्व मानव दुर्व्यापार विरोधी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बोड़ला में आज 30 जुलाई 2026 को विश्व मानव दुर्व्यापार विरोधी दिवस के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कृषक सहयोग संस्थान के निदेशक डॉ एचबी सेन के निर्देशन में किया गया। इस कार्यक्रम में बाल अधिकारों एवं सुरक्षा की दिशा में आयोजित किया गया। कबीरधाम जिले में विगत कई वर्षों से जमीनी स्तर पर बाल अधिकारों की सुरक्षा व बाल विवाहों की रोकथाम के लिए काम कर रहे संगठन कृषक सहयोग संस्थान देश में बाल अधिकारों की सुरक्षा व संरक्षण के लिए 250 से भी अधिक नागरिक समाज संगठनों के देश के सबसे बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन का सहयोगी संगठन है।

मानव दुर्व्यापार के खिलाफ सजगता बेहद जरूरी : कृषक सहयोग संस्थान
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कृषक सहयोग संस्थान के जिला समन्वयक ललित सिन्हा ने कहा कि, मानव दुर्व्यापार एवं बाल अधिकारों का हनन समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है। बच्चों एवं समाज के हर नागरिक को इसके प्रति जागरूक, सावधान और होशियार रहने की अत्यंत आवश्यकता है ताकि कोई भी बच्चा इसका शिकार न बने और बाल दुर्व्यापारियों के चंगुल से सुरक्षित रहे।
उन्होंने आगे कहा कि यदि कहीं भी बच्चों के साथ दुर्व्यापार या शोषण का मामला सामने आता है, तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा 1800-1087-222 पर संपर्क कर इसकी सूचना देनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के आशु चंद्रवंशी ने विश्व मानव दुर्व्यापार विरोधी दिवस के इतिहास और इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2013 में एक प्रस्ताव पारित कर प्रतिवर्ष 30 जुलाई को विश्व मानव दुर्व्यापार विरोधी दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। पहला आधिकारिक दिवस 30 जुलाई 2014 को मनाया गया था। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य मानव तस्करी की वैश्विक समस्या के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना, पीड़ितों के अधिकारों की रक्षा करना तथा बच्चों व महिलाओं को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है।बच्चों को मानव दुर्व्यापार, बाल श्रम एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।छात्र-छात्राओं को आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता पाने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं नि:शुल्क नंबर 1800-1087-222 डायल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और सभी ने बच्चों की सुरक्षा हेतु सतर्क रहने का संकल्प लिया।इस अवसर पर कृषक सहयोग संस्थान के जिला समन्वयक ललित सिन्हा,आशु चंद्रवंशी,बृजेश चंद्रवंशी उपस्थित रहे।



