शासकीय हाई स्कूल बैरख में बाल विवाह के खिलाफ लिया शपथ
कवर्धा। शासकीय हाई स्कूल बैरख में बाल विवाह के खिलाफ शपथ ग्रहण किया गया। संस्था प्राचार्य सोहन कुमार यादव ने बताया कि बाल विवाह हमारे सामने एक बड़ी समस्या एवं चुनौती है। हम सबको मिल कर इस समस्या का निदान, जन जागरूकता से करना चाहिए। यह एक ऐसी कुप्रथा है, जिसने हमारी करोड़ों बालिकाओं को सीमित कर दिया है। बाल विवाह मानव अधिकार हनन के उल्लंघन का मामला है। कानून के तहत यह गैर कानूनी भी है। बाल विवाह को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए ही कानून बनाया गया है। इसका कड़ाई से पालन होना चाहिए।व्याख्याता प्रेमलता ठाकुर ने कहा जन जागरूकता अभियान के प्रयासों से बाल विवाह को खत्म किया जा सकता है। शिक्षिका चमेश रावटे ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के वरिष्ठ नागरिकों एवं जन प्रतिनिधियों के साथ मिल कर ठोस कदम उठाए जाए ताकि बाल विवाह को खत्म किया जा सके। कार्यक्रम में शिक्षकों ने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित एवं संरक्षित रखने के लिए लोगों से अपील किया। शपथ ग्रहण समारोह में संस्था प्राचार्य सोहन कुमार यादव, व्याख्याता प्रेमलता ठाकुर शिक्षिका चमेश रावटे एवं विद्यार्थी गण उपस्थित थे।