आम चर्चा

जिला मुख्यालय कवर्धा सहित समूचे जिले में किया गया योगाभ्यास

कवर्धा।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को जिला मुख्यालय कवर्धा के छीरपानी मैदान में जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन एक विश्व एक स्वास्थ्य थीम पर समूचे जिले में योगाभ्यास किया गया। जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम की शुरूआत छत्तीसगढ़ महतारी के तैल्यचित्र में दीप प्रज्ज्वलित और राजकीय गीत अरपा पैरी के धार, महानदी हे आपार के साथ किया गया। योगाभ्यास कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि शर्मा, कलेक्टर जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव, वन मंडलाधिकारी चूड़ामणि सिंह, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित जिले के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं, फोर्स एकेडमी के खिलाड़ियों ने योगा अभ्यास किया। योग कार्यक्रम में प्रशिक्षकों ने निर्धारित समय 6 बजे से योगासन के सभी आसन, कपालभारती, प्राणायाम, ध्यान, संकल्प आदि का अभ्यास कराया। जिला मुख्यालय सहित विकासखण्ड एवं नगरीय निकाय, जनपद पंचायत स्तर पर योग दिवस का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि तंदुरूस्त रहने के लिए योग को अपने दिनचर्या में शामिल करते हुए नियमित रूप से योगाभ्यास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से योग का विशेष महत्व रहा है। पशु-पक्षी में अपने योग क्रियाओं से स्वस्थ्य रहते है। हम सभी को स्वस्थ्य तन और मन के लिए नियमित रूप से योग करना चाहिए। उन्होने कहा कि योग शरीर को ही रोगमुक्त नहीं करता बल्कि मानसिक एवं बौद्धिक स्तर पर मन को सशक्त, शांत और ओजस्वी बनाता है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी।
कलेक्टर जनमेजय महोबे ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग से स्वास्थ्य में प्रभावकारी लाभ प्राप्त होता है। सभी नागरिकों को अपने जीवन में योग को आत्मसात करना चाहिए। हर व्यक्ति को सुबह सूर्य उदय होने के पहले या शाम को सूर्यास्त होने के बाद समय निकाल कर योग करना चाहिए। उन्होने योग के फायदे भी बताए। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव ने कहा कि योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। नियमित योग और अभ्यास से पुरानी से पुरानी जटिल बीमारियों से छुटकारा पाया जा सकता है। स्वस्थ शरीर के लिए हम सबको प्रतिदिन योग के लिए समय निकालना चाहिए। जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में कवर्धा शहर के गणमान्य नागरिक, शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारीगण विशेष रूप से उपस्थित थे। सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में सहभागी बनने पर जिला पंचायत सीईओ संदीप कुमार अग्रवाल ने सभी का आभार प्रकट किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button