बोड़ला के हिंदू संगम परिसर में 2 से 4 अक्टूबर तक होगा सेवांकुर भारत कार्यक्रम का आयोजन

आशु चंद्रवंशी,कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत स्थित हिंदू संगम परिसर बोड़ला में तीन दिवसीय सेवांकुर भारत संस्था के कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सेवांकुर भारत संस्था और सहयोगी संस्था रानी दुर्गावती जन कल्याण परिषद हिंदू संगम बोड़ला है।
प्रदेश भर के मेडिकल कॉलेजों से 200 से ज्यादा विद्यार्थी और विशेषज्ञ डॉक्टर होंगे शामिल
आयोजन को लेकर रानी दुर्गावती जन कल्याण परिषद के सचिव दुर्गेश वर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत करीब 200 से ढाई सौ विद्यार्थी, मेडिकल कॉलेज के स्पेशलिस्ट डॉक्टर और प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल होंगे।
वनांचल के 40 गांवों में लगेगी स्वास्थ्य जन चौपाल
कार्यक्रम के तहत वनांचल क्षेत्र के 200 गांवों को जोड़ने वाले 40 प्रमुख केंद्रों के गांव में एक साथ स्वास्थ्य जन चौपाल का आयोजन किया जाएगा। पहले दिन डॉक्टरों और विद्यार्थियों की टीम चिन्हांकित गांवों में जाकर डोर टू डोर जनसंपर्क करेगी। तीसरे दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श और निशुल्क दवा वितरण किया जाएगा। इसमें एलोपैथी के साथ आयुर्वेद के विशेषज्ञ भी शामिल रहेंगे। गंभीर बीमारियों के मरीजों को बड़े अस्पतालों में इलाज के लिए रेफर करने की व्यवस्था भी की जाएगी।
तीन दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा
पहले दिन सुबह 11 बजे तक सभी प्रतिभागी हिंदू संगम पहुंचेंगे। दोपहर 2 बजे तक परिचय सत्र, 4 से 5 बजे तक बौद्धिक सत्र, 6 से 7 बजे तक शाखा, 8 से 9 बजे तक भोजन और 9 से 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, जिसमें डॉक्टर अपनी प्रतिभा के अनुसार नाटक, गीत, कविता की प्रस्तुति देंगे।
दूसरे दिन अल्पाहार के पश्चात बौद्धिक सत्र और केंद्र के अधिकारियों का उद्बोधन होगा। दोपहर 11 बजे भोजन के बाद सभी टीमें अपने-अपने शिविर स्थल के लिए रवाना होंगी और दोपहर 3 बजे तक गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से संपर्क करेंगी। रात्रि में गांव में ही भजन संध्या और ग्रामीणों के बीच विश्राम करेंगे।
तीसरे दिन चिकित्सा शिविर,दीक्षांत और रानी दुर्गावती जयंती समारोह
तीसरे दिन सुबह 8 से 12 बजे तक गांवों में चिकित्सा शिविर का आयोजन होगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे तक सभी टीमें वापस हिंदू संगम पहुंचेंगी। दोपहर 3 से 5 बजे तक समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसी दौरान रानी दुर्गावती जयंती समारोह एवं युवा सम्मेलन का भी आयोजन होगा, जिसमें आदिवासी समाज के 1000 युवा शामिल होंगे। कार्यक्रम में कृषि, बौद्धिक, खेल, सामाजिक और चिकित्सा क्षेत्र के साथ साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को युवाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में क्षेत्र संघ चालक एवं सेवांकुर भारत के मुख्य मार्गदर्शक एवं संरक्षक डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना, सेवांकुर भारत राष्ट्रीय उपक्रम प्रमुख डॉ प्रशांत गायकवाड़ ,कवर्धा मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ प्रतिभा जैन शाह और राजनांदगांव लोकसभ के सांसद संतोष पांडे, विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र प्रमुख चंद्रशेखर वर्मा, सहकार भारती के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम चंद्रवंशी ,जिला संघ चालक दानेश्वर सिंह परिहार सहित अतिथियों की उपस्थित रहेंगे।



