आम चर्चा

सपनों की उड़ान’ में बच्चों ने भरे विकसित भारत के सपनों में रंग,पीएमश्री सेजेस हायर सेकेंडरी विद्यालय बोड़ला में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

आशु चंद्रवंशी, कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे विभिन्न सेवा, जनजागरण एवं रचनात्मक कार्यक्रमों की श्रृंखला में ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम के तहत पीएमश्री सेजेस हायर सेकेंडरी विद्यालय, बोड़ला में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, कल्पनाशीलता और राष्ट्र के प्रति अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।

‘विकसित भारत’ की थीम पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उतारते हुए भारत के उज्ज्वल और विकसित भविष्य की तस्वीर प्रस्तुत की। उनके चित्रों में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, अत्याधुनिक तकनीक, डिजिटल भारत, अंतरिक्ष विज्ञान, मजबूत रक्षा व्यवस्था, आत्मनिर्भरता और नवाचार जैसे विषयों की प्रभावशाली झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा जिला महामंत्री नितेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया तथा उनकी रचनात्मकता और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि भारत का भविष्य केवल नीतियों और योजनाओं से नहीं, बल्कि देश की युवा पीढ़ी के सपनों, प्रतिभा और संकल्प से आकार लेगा।

उन्होंने कहा कि ‘सपनों की उड़ान’ जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को केवल प्रतियोगिता का मंच नहीं देते, बल्कि उन्हें अपने विचारों को अभिव्यक्त करने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और राष्ट्र निर्माण के बड़े संकल्प से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। आज जिन बच्चों ने कागज पर विकसित भारत का चित्र बनाया है, वही बच्चे आने वाले समय में अपने ज्ञान, प्रतिभा और नवाचार से उस विकसित भारत को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

भाषण प्रतियोगिता में भी दिखा विद्यार्थियों का आत्मविश्वास

चित्रकला के साथ आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत, राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, युवा शक्ति और भारत के भविष्य जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। बच्चों के आत्मविश्वास और विचारों की स्पष्टता ने उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों को प्रभावित किया।

प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को आगे भी इसी प्रकार अपनी प्रतिभा को निखारने और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

सेवा संकल्प अभियान में प्रतिभाओं को मिल रहा मंच

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सपनों की उड़ान’ एक ऐसी पहल है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें अभिव्यक्ति का अवसर देना है। इसके अंतर्गत आने वाले समय में चित्रकला, रंगोली, निबंध, भाषण सहित विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ राष्ट्र, समाज और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल इस विचार को मजबूत करती है कि हर बच्चे के भीतर एक सपना है और उस सपने को उड़ान देने के लिए सही मंच और प्रोत्साहन की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता विदेशी राम धुर्वे, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटील, उपाध्यक्ष लव निर्मलकर, मंडल अध्यक्ष मोहन धुर्वे, मंडल महामंत्री राजेश राहू एवं अमित वर्मा, अजय कौशिक, जिला पंचायत सदस्य लोकचंद साहू, वरिष्ठ नेता बरसाती वर्मा, बल्दाउ चंद्रवंशी, छोटू चंद्रवंशी, पार्षद संदीप गुप्ता, खुशबू कश्यप, नरेश साहू एवं सोमनाथ धुर्वे, मीडिया प्रभारी मोहन कश्यप,  माया मेरावी अरविंद अवस्थी,आशु चन्द्रवंशी, अनुज साहू डेरहा साहू, नेफी धुर्वे,शाला विकास समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रेमकांत मिश्रा सहित विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button