संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा चलाएगी छह माह का समरसता-संकल्प अभियान, घर-घर तिरंगा यात्रा की तैयारियां तेज

आशु चंद्रवंशी,कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी जिला कबीरधाम द्वारा सोमवार को नवीन भाजपा कार्यालय में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर प्रस्तावित समरसता-संकल्प अभियान एवं घर-घर तिरंगा यात्रा को लेकर संयुक्त जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों तथा संतों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्रों पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
मुख्य वक्ता एवं अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्यवाड़ा ने कहा कि जब समाज में विकृतियां बढ़ती हैं, तब संतों और महापुरुषों का अवतरण समाज को सही दिशा देने के लिए होता है। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास, संत कबीरदास एवं गुरु घासीदास ने सामाजिक समरसता, समानता और स्वाभिमान का संदेश दिया, जिसे आज भी आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा उपेक्षित एवं दलित समाज के सम्मान और उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव की भावना को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
दुर्ग संभाग संगठन प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि भाजपा संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती को छह माह तक गांव-गांव और घर-घर पहुंचाने का अभियान चलाएगी। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए जिला कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घर-घर तिरंगा अभियान के माध्यम से राष्ट्रध्वज के प्रति जन-जन में सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि संत रविदास ने विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य, सामाजिक चेतना और राष्ट्रहित का मार्ग अपनाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी अभियानों को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा, पूर्व जिला अध्यक्ष रामकुमार भट्ट, जिला उपाध्यक्ष परेटन वर्मा एवं अशोक चंद्रवंशी, जिला महामंत्री मुकेश ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी, महिला मोर्चा अध्यक्ष विजय लक्ष्मी तिवारी सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के संयोजक एवं अपेक्षित वर्ग के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



