जनहित में अच्छा कार्य करने वालों का सम्मान होना ही चाहिए : नितेश अग्रवाल

सुशासन तिहार: खैरबना कला में अनुकरणीय पहल, पटवारी और लाइनमैन का सार्वजनिक मंच से सम्मान
आशु चंद्रवंशी, कवर्धा। जनहित और जनसेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय कर्मचारियों की हौसलाअफजाई के लिए खैरबना कला में आयोजित समाधान शिविर ‘सुशासन तिहार’ में एक अनूठी और सराहनीय पहल देखने को मिली। शिविर में जनता के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक और पूरे मन से निर्वहन करने वाले पटवारी एवं लाइनमैन का भाजपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों द्वारा शाल और श्रीफल भेंटकर सार्वजनिक रूप से सम्मान किया गया।
अच्छा काम करने वालों का सम्मान होना ही चाहिए : नितेश अग्रवाल
इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित जिला भाजपा महामंत्री नितेश अग्रवाल ने सम्मानित कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि जनहित में समर्पण भाव से कार्य करने वालों का सम्मान होना ही चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार की तारीफ करते हुए कहा— “यह विष्णुदेव साय सरकार में ही संभव है कि अच्छा काम करने पर जमीनी स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों का सार्वजनिक मंच से सम्मान किया जा रहा है। गांव-गांव में आयोजित यह समाधान शिविर सुशासन की असली झलक हैं, जहाँ प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ जनमानस की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर रहा है।”
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला सम्मान
शिविर में विशेष रूप से दो मैदानी कर्मचारियों को उनके बेहतर काम के लिए सम्मानित किया गया जिसमें श्रीमती मोनू वर्मा पटवारी, हल्का नंबर 36 जो कि अपने क्षेत्र के गांवों—चिमरा, सरेखा, मन्नाबेदी, बरभावंर आदि में किसानों और आम जनता के प्रति संवेदनशील रहकर बेहतरीन सेवाएं दे रही हैं, जिससे क्षेत्र के जनमानस में उनके कार्यों के प्रति गहरा संतोष है। कमलेश धुर्वे लाइनमैन, अपने प्रभार वाले गांवों में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शानदार काम कर रहे हैं।
शिविर में ये रहे उपस्थित
इस अनूठे सम्मान समारोह और सुशासन शिविर के दौरान जिला भाजपा महामंत्री नितेश अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य लोकचंद साहू, जनपद उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, मंडल अध्यक्ष मीलू साहू, जनपद सदस्य नरेश साहू, राजेश साहू, विमला गौरी साहू, छोटू चंद्रवंशी, रमेश मेरावी, अजय कौशिक सहित क्षेत्र के सभी सरपंच और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व ग्रामीण जन उपस्थित थे।



