आम चर्चा

सुशासन तिहार में गुंडागर्दी,सुशासन के दावों की खुली पोल : भाजपा कार्यकर्ताओं ने पत्रकार और आम जनता से किया दुर्व्यवहार ,बीजेपी नेताओं की इस धमकी से सरकार की हो रही किरकिरी

कवर्धा।  बोड़ला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम खड़ौदा कला में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में उस समय विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, जब एक ग्रामीण अपनी समस्या लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के पास पहुंचा और अपनी बात वीडियो के माध्यम से रखने लगा।
बताया जा रहा है कि जैसे ही ग्रामीण वीडियो बनाते हुए अपनी समस्या बताने लगा, वहां मौजूद कुछ बीजेपी कार्यकर्ता भड़क गए और उसे वीडियो बनाने से रोकने लगे। आरोप है कि ग्रामीण के साथ धक्का-मुक्की की गई तथा उसका कॉलर भी पकड़ा गया।
मौके पर मौजूद पत्रकार अभिषेक वर्मा ने इसका विरोध करते हुए कहा कि कोई भी आम नागरिक अपनी समस्या सरकार तक पहुंचाने के लिए वीडियो बना सकता है और किसी जनता के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से धमकी दी जाती रही।
इसी दौरान बोड़ला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बघर्रा के सरपंच एवं सरपंच संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राजेश पर भी पत्रकार से अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगा है। आरोप है कि उन्होंने पत्रकार से कहा — “तुम्हें देख लूंगा, पत्रकार हो तो क्या कर लोगे।”
पत्रकार अभिषेक वर्मा ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की शिकायत उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से की। उनका आरोप है कि शिकायत के दौरान उनके मोबाइल का कैमरा सुरक्षाकर्मियों द्वारा बंद करा दिया गया। साथ ही उन्हें यह कहकर टाल दिया गया कि “यह आपका आपसी मामला है।”
इस घटना को लेकर सवाल उठने लगे हैं कि यदि सुशासन तिहार जैसे कार्यक्रमों में आम जनता और पत्रकार खुद को असुरक्षित महसूस करें, तो शासन-प्रशासन तक अपनी बात कैसे पहुंचाएंगे।
उठ रहे बड़े सवाल
क्या सुशासन तिहार सिर्फ बीजेपी कार्यकर्ताओं के लिए है?
क्या आम जनता अपनी समस्या लेकर खुलकर नहीं जा सकती?
क्या पत्रकारों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है?
सुशासन तिहार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना है, लेकिन यदि ऐसे आयोजनों में आम नागरिकों और पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप सामने आते हैं, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button