आम चर्चा

डिप्टी सीएम विजय शर्मा के जनपद पंचायत बोड़ला के लिए प्रतिनिधि नियुक्त हुए छोटूराम चंद्रवंशी, क्षेत्र में हर्ष की लहर

आशु चंद्रवंशी, कवर्धा । छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री, गृहमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने क्षेत्र के वरिष्ठ, कर्मठ और लोकप्रिय भाजपा नेता ख़रहट्टा निवासी पूर्व सरपंच छोटूराम चंद्रवंशी पर एक बार फिर बड़ा भरोसा जताया है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर कार्यालय कलेक्टर (जिला योजना एवं सांख्यिकी), जिला कबीरधाम द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर छोटूराम चंद्रवंशी को जनपद पंचायत बोड़ला के लिए अपना ‘विधायक प्रतिनिधि’ नियुक्त किया है।

इस नियुक्ति का आदेश उप संचालक (योजना एवं सांख्यिकी) जिला कबीरधाम द्वारा जारी कर दिया गया है। इस जिम्मेदारी के मिलने के बाद अब वे जनपद पंचायत की बैठकों और शासकीय कार्यक्रमों में माननीय उपमुख्यमंत्री व विधायक के प्रतिनिधि के रूप में शामिल होकर क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देंगे।

कट्टर भाजपाई छवि और संगठन में गहरी पैठ

छोटूराम चंद्रवंशी क्षेत्र में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। वे शुरुआत से ही भारतीय जनता पार्टी के एक कट्टर, निष्ठावान और समर्पित सिपाही रहे हैं। पूर्व में खरहट्टा के सफल सरपंच के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके श्री चंद्रवंशी वर्तमान में जनपद सदस्य प्रतिनिधि के रूप में भी लगातार सक्रिय हैं। संगठन हो या सामाजिक सरोकार, हर मोर्चे पर उनकी कर्मठता और जुझारूपन की मिसाल दी जाती है। भाजपा संगठन और पार्टी के प्रति उनकी अटूट निष्ठा को देखते हुए ही शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से नवाजा है।

जनमानस में प्रिय और मिलनसार व्यक्तित्व

अपनी सादगी, मिलनसार स्वभाव और आम जनता के सुख-दुख में हमेशा खड़े रहने की आदत के कारण छोटूराम चंद्रवंशी पूरे बोड़ला ब्लॉक और कबीरधाम जिले के जनमानस में बेहद लोकप्रिय हैं। क्षेत्र की समस्याओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर शासन तक मुखरता से आवाज उठाना उनकी पहचान रही है। उनकी इसी कर्मठता के कारण युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक, समाज के हर वर्ग में वे खासे प्रिय हैं।

बधाइयों का लगा तांता

छोटूराम चंद्रवंशी को डिप्टी सीएम का प्रतिनिधि बनाए जाने की खबर जैसे ही क्षेत्र में पहुंची, भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि एक जमीनी और संघर्षशील कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी मिलने से बोड़ला जनपद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी और आम जनता के काम आसानी से हो सकेंगे। इस नियुक्ति पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने माननीय उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए छोटूराम चंद्रवंशी को उज्ज्वल कार्यकाल के लिए हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button