बोड़ला में आज सजेगी फाग की महफिल : हिन्दू संगम बोड़ला में दो दिवसीय भव्य होली मिलन एवं फाग प्रतियोगिता का आयोजन

प्रतियोगिता में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के टोलियों के लिए विशेष पुरस्कारों का प्रावधान
आशु चंद्रवंशी,कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला में लोक संस्कृति और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। रानी दुर्गावती जनकल्याण परिषद और हिन्दू संगम बोड़ला के तत्वावधान में आगामी 7 और 8 मार्च 2026 को दो दिवसीय भव्य होली मिलन एवं फाग गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। हिन्दू संगम बांधाटोला में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में इस बार पुरस्कारों की श्रेणियों में विशेष बदलाव किए गए हैं।
पुरस्कारों की तीन श्रेणियाँ और नियम
आयोजक समिति ने इस बार स्थानीय प्रतिभाओं और विभिन्न वर्गों को प्रोत्साहित करने के लिए इनामों को तीन मुख्य श्रेणियों में बांटा है। अनुसूचित जनजाति श्रेणी: यदि इस वर्ग की कम से कम 10 टोलियां भाग लेती हैं, तो उन्हें अलग से प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिया जाएगा। अनुसूचित जाति श्रेणी: इसी प्रकार, यदि अनुसूचित जाति की भी 10 या अधिक टोलियां प्रतिभागी बनती हैं, तो उनके लिए भी तीन पृथक पुरस्कारों का प्रावधान रखा गया है। यदि किसी वर्ग से 10 से कम टोलियां आती हैं, तो वह विशेष इनाम श्रेणी विलोपित मानी जाएगी और उन टोलियों को सामान्य कार्यक्रम में सभी के साथ शामिल कर दिया जाएगा।
सामान्य वर्ग के लिए आकर्षक इनाम
सामान्य प्रतियोगिता में शामिल टोलियों के लिए पुरस्कार राशि इस प्रकार है:प्रथम पुरस्कार: ₹11,000,द्वितीय पुरस्कार: ₹7,000,तृतीय पुरस्कार: ₹5,000,चतुर्थ पुरस्कार: ₹3,000। प्रतियोगिता का प्रवेश शुल्क मात्र ₹251/- निर्धारित किया गया है।
परंपरा और मर्यादा का संगम
हिंदू संगम बोड़ला के संयोजक और इस कार्यक्रम के आयोजक समिति के सदस्य दुर्गेश वर्मा ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में केवल शुद्ध लोक पारंपरिक ब्रजभाषी गीतों का ही उपयोग किया जा सकेगा। किसी भी प्रकार के फूहड़ या अमर्यादित गानों पर टोली को तुरंत अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। प्रत्येक टोली को प्रदर्शन के लिए 30 मिनट का समय दिया जाएगा, जिसमें सुर, ताल और वाद्य यंत्रों की निपुणता पर बोनस अंक भी मिलेंगे।
आयोजक समिति ने उत्सव में शामिल होने किया अपील
यह दो दिवसीय कार्यक्रम हिन्दू संगम बांधाटोला, बोड़ला में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। आयोजक समिति ने समस्त सनातनी हिन्दू समाज से इस समरसता के उत्सव में शामिल होने की अपील की है।अधिक जानकारी के लिए संपर्क सूत्र: 7974624697,6264882027, 8965984121।



