एकीकृत बाल विकास परियोजना बोड़ला के सभी केंद्रों में “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम का भव्य आयोजन : गोद भराई से अन्नप्राशन तक, पोषण थाली से खिलौना बैंक तक, उत्कृष्ट महिलाओं,मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान और कबाड़ से जुगाड़ के नवाचार ने और विभिन्न प्रतियोगिताओं ने जीता सबका दिल

आशु चंद्रवंशी, कवर्धा। राज्य शासन के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) के अंतर्गत आज एकीकृत बाल विकास परियोजना बोड़ला के समस्त 231 आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
विकसित भारत 2047 का लिया गया संकल्प
इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनहित के प्रति जागरूकता बढ़ाना, ‘विकसित भारत 2047’ का नागरिक संकल्प लेना तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में हितग्राही माताएं, स्वसहायता समूह की महिलाएं एवं बच्चों के अभिभावक शामिल हुए।
पोंडी में सांसद संतोष पांडेय रहे मुख्य अतिथि
पोंडी के आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांसद श्री संतोष पांडेय जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों के प्रति स्नेह व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम जनसमुदाय को जोड़ने तथा महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के प्रति समर्पित एक अनुकरणीय पहल है। उन्होंने मिले अपार प्रेम के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
प्रशस्ति पत्र और श्रीफल देकर किया सम्मान
कार्यक्रम का सबसे गौरवमयी क्षण रहा जब उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को मंच पर जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही केंद्र में खाद्यान्न, हरी सब्जियों और फलों से बनी आकर्षक “मेरी पौष्टिक थाली” का प्रदर्शन किया गया, जिसने कुपोषण मुक्त भारत का सशक्त संदेश दिया।
रचनात्मक गतिविधियों से सजा रहा दिन
आंगनबाड़ी केंद्रों को विशेष रूप से सजाया गया था। दिनभर कई महत्वपूर्ण गतिविधियां हुईं:
– पोषण और स्वास्थ्य जांच: स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से महिलाओं, गर्भवती माताओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण।
– गोद भराई, अन्नप्राशन व पोषण थाली: गर्भवती माताओं की गोद भराई कर पोषण थाली वितरण और बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया।
– तिथि भोज व खिलौना बैंक: समुदाय की भागीदारी से बच्चों के लिए पौष्टिक तिथि भोज, फल वितरण और खिलौना पेटी में खिलौनों का संग्रह कर खिलौना बैंक समृद्ध किया गया।
– कबाड़ से जुगाड़: कार्यकर्ताओं द्वारा कबाड़ से बनाए गए बेहतरीन TLM की सभी ने सराहना की, जितनी तारीफ की जाए कम है।
– प्रतियोगिताएं व पौधारोपण:मेहंदी, रंगोली, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, पोषण वाटिका के लिए पौधारोपण और ‘घर-घर मुनगा’ का संकल्प।
योजनाओं का मिला लाभ हितग्राहियों ने किए अनुभव साझा
कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। राशि का सही उपयोग बच्चों के पोषण पर करने वाली माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान’ दिया गया। नवीन पात्र हितग्राहियों का मौके पर ही पंजीयन भी किया गया।
परियोजना अधिकारी ने दी जानकारी
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी नमन देशमुख ने कहा कि”माननीय मुख्यमंत्री जी के मंशानुरूप और विभागीय निर्देश पर सेवा संकल्प पखवाड़े के तहत आंगन मिलन सेवा का आयोजन किया गया है। बोड़ला परियोजना के सभी केंद्रों में आज जनप्रतिनिधियों और समुदाय की अभूतपूर्व भागीदारी देखने को मिली। हमारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन बहनें ही हमारी रीढ़ हैं। उनका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। कबाड़ से जुगाड़ और पोषक थाली जैसे नवाचार यह बताते हैं कि हमारी कार्यकर्ता कितनी प्रतिभावान हैं। यह कार्यक्रम निश्चित ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को नई दिशा देगा।”उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग और आंगनबाड़ी परिवार का आभार व्यक्त किया।



