बोड़ला महाविद्यालय में स्किल इन्हेंसमेंट कोर्स अंतर्गत फूड फेस्ट का आयोजन : विद्यार्थियों ने चखा व्यंजनों का स्वाद, सीखीं उद्यमशीलता की बारीकियां

आशु चंद्रवंशी,कवर्धा। शास. स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय बोड़ला के प्रांगण में एनईपी पाठ्यक्रम अंतर्गत कौशल विकास कार्यक्रम में एक दिवसीय “रोमांचक फूड स्टॉल ” का आयोजन किया गया। आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के निर्देशन में वाणिज्य विभाग द्वारा आयोजित इस फूड फेस्ट में छात्र-छात्राओं ने न केवल स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद लिया, बल्कि विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से पाक कला की बारीकीयां भी सीखी। जिज्ञासु छात्र -छात्राओं ने अगली बार के आयोजन में अपने स्टाल लगाने की भी बात कही।
इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा कुल 07 स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों में भारतीय पारंपरिक स्नैक्स, फास्ट फूड, चाइनीज व्यंजनों, और स्थानीय व्यंजनों की व्यापक विविधता देखने को मिली। हर स्टॉल को छात्रों ने बहुत रचनात्मक ढंग से सजाया था, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र बना। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावसायिक कौशल सिखाना था। इस आयोजन के माध्यम से स्किल इन्हेंसमेंट कोर्स अंतर्गत ‘अकाउंटिंग फॉर एवरी वन’ को प्रायोगिक रूप में प्रदर्शित किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से वाणिज्य विभाग ने ‘अर्निंग विथ लर्निंग’ के प्रयास को वास्तविक धरातल पर लाने का कार्य शुरू किया है। वाणिज्य विभाग के प्राध्यापक श्री योगेश ध्रुव, श्री जयंक खुराना, सुश्री कोमल मिश्रा के निर्देशन में छात्रों ने खुद ही स्टॉल का प्रबंधन, व्यंजनों की कीमत, और मार्केटिंग की जिम्मेदारी संभाली। इससे उन्हें टीम वर्क, सहयोग, और वित्तीय प्रबंधन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
महाविद्यालय के प्राचार्य श्री उमेश पाठक ने फूड स्टॉल का उद्घाटन किया। उन्होंने छात्रों की रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए कहा कि “ऐसे आयोजन छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य के लिए एक अच्छा उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
दिन भर चले इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली, इसके साथ ही प्राध्यापकगण ने भी विभिन्न स्टालो का भ्रमण कर स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। स्किल इन्हेंसमेंट कोर्स अंतर्गत आयोजित इस आयोजन की सफलता को देखते हुए महाविद्यालय प्रशासन ने फूड फेस्ट को प्रत्येक माह आयोजित करने का निर्णय लिया है।
इस कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक सनत कुमार देवांगन, राकेश गौतम, अन्नपूर्णा शर्मा, बलदाऊ यादव, वसुमित्र शुक्ला, प्रिया राठौर सहित छात्र -छात्राएँ उपस्थित रहें।



