स्वच्छ गांव, सुंदर गांव, स्वस्थ गांव की परिकल्पना को साकार कर रही युवा मुठ्ठी संगठन नेउरगांव खुर्द, श्रमदान से दिया जनभागीदारी का संदेश

आशु चंद्रवंशी, कवर्धा। सिर्फ संगठन नहीं, गांव की आत्मा बन चुका युवा मुठ्ठी संगठन नेऊरगांव खुर्द आज सेवा, संस्कृति और संस्कार का संगम बनकर पूरे कबीरधाम जिले में नंबर वन की पहचान बना चुका है। संगठन ने अपने कार्यों से गांव की तस्वीर ही बदल दी है।
इसी कड़ी में स्वच्छ गांव, सुंदर गांव, स्वस्थ गांव की परिकल्पना को धरातल पर उतारते हुए युवा मुठ्ठी के उत्साही व कर्मठ युवाओं ने रविवार को गांव में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।
अभियान की शुरुआत मुख्य तालाब के स्नान घाट से की गई, जहां घाट और आसपास फैली गंदगी व कचरे की सफाई की गई। इसके बाद भारत माता स्मारक स्थल के सामने का प्रांगण, मंदिर परिसर के पीछे का हिस्सा, पंचायत भवन के सामने का परिसर तथा गांव की मुख्य नालियों की साफ-सफाई कर युवाओं ने श्रमदान किया। युवाओं ने संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थान पूरे गांव की साझा जिम्मेदारी है।
युवा मुठ्ठी के प्रमुख कार्य जो बने मिसाल:
संस्कृति और परंपरा के संरक्षक – संगठन छत्तीसगढ़ की सभ्यता को जीवित रखे हुए है। होली मिलन, दीपावली पर गौरी-गौरा पूजन, हरेली, तीजा-पोरा सहित सभी छत्तीसगढ़ी तीज-त्योहारों को पारंपरिक और भव्य तरीके से मनाया जाता है। 13 सितंबर 2026 को हमर तीज – हमर संस्कृति, हमर बहिनी-बेटी के सम्मान थीम पर भव्य तीज मिलन समारोह एवं महिला खेल महोत्सव का आयोजन किया गया था, जिसमें सुआ नृत्य, चम्मच दौड़, मटका फोड़, कुर्सी रेस, फुगड़ी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में माताओं-बहनों ने भाग लिया था।
पर्यावरण और स्वच्छता के सजग प्रहरी – विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्राम देव और ठाकुर देव परिसर में नीम, चंदन, बादाम, कदम जैसे छायादार पौधों का रोपण कर 1000 पौधे लगाने का महासंकल्प लिया गया है।
गांव में बनाई भारत माता की प्रतिमा – संगठन का सबसे गौरवशाली कार्य गांव में भारत माता की प्रतिमा की स्थापना है। आज यह स्थल पूरे क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का केंद्र बन गया है।
गांव के सुख-दुख का साथी – युवा मुठ्ठी संगठन सिर्फ कार्यक्रम करने तक सीमित नहीं है। गांव के सुख-दुख के हर कार्य में संगठन के युवा एक परिवार की तरह सबसे आगे खड़े रहते हैं।
ग्राम सरपंच, उपसरपंच, पंचगण और वरिष्ठजनों ने कहा कि युवा मुठ्ठी संगठन ने नेऊरगांव खुर्द को एक आदर्श ग्राम बना दिया है। जब युवा एक मुट्ठी में बंध जाते हैं तो गांव का भविष्य बदल जाता है।



