आम चर्चा

बोड़ला पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान ; साइबर ठगी से बचने और यातायात नियमों के पालन की दी सीख

आशु चंद्रवंशी,बोड़ला। साइबर अपराधों के बढ़ते ग्राफ और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कबीरधाम पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी रूपक शर्मा के मार्गदर्शन में बोड़ला पुलिस द्वारा जागरूकता पखवाड़ा के अंतर्गत  विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। तहसील कार्यालय के पास आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस टीम ने राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी।

डिजिटल ठगी से बचने के बताए उपाय

अभियान के दौरान उपनिरीक्षक गोविंद चंद्रवंशी ने साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों जैसे—लोन ऐप फ्रॉड, लकी ड्रॉ, और अनजान लिंक के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति लोगों को सचेत किया। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना ओटीपी, बैंक विवरण या आधार नंबर साझा न करें। वर्तमान में ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे डराकर पैसे ऐंठने वाले मामलों से बचने के लिए उन्होंने कहा कि पुलिस कभी भी वीडियो कॉल पर गिरफ्तारी की धमकी नहीं देती। ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

सड़क सुरक्षा ही जीवन रक्षा

वहीं, सहायक उपनिरीक्षक प्रहलाद चंद्रवंशी ने यातायात नियमों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शराब का सेवन कर कोई भी वाहन न चलाए।उन्होंने आगे कहा कि दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि नाबालिगों को वाहन न चलाने दें और सड़क पर चलते समय यातायात संकेतों का पालन करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई के बजाय लोगों में जागरूकता लाना है, ताकि एक सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके। इस दौरान थाना उपनिरीक्षक गोविंद चंद्रवंशी, सहायक उपनिरीक्षक प्रहलाद चंद्रवंशी, मनोज महोबिया, प्रशिक्षु आबकारी उपनिरीक्षक भूपेश कुमार साहू, उमाशंकर नाग, झूलूराम धुर्वे पत्रकार दीपक मागरे,मुकेश अवस्थी, आशु चंद्रवंशी,राजेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button