आम चर्चा

पोंड़ी की बेटियां पहुंचेंगी दिल्ली : किरण और खुशी बाल संसद में करेंगी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व

आशु चंद्रवंशी, कवर्धा। शिक्षा, नवाचार एवं विद्यार्थियों की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में नमिता पब्लिक स्कूल, पोंड़ी ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय का चयन राष्ट्रीय बाल संसद (एनआईसीपी), दिल्ली-2026 के लिए हुआ है। इसके अंतर्गत विद्यालय की कक्षा 9वीं की होनहार छात्राएं किरण चंद्रवंशी एवं खुशी लहरे दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की बाल संसद में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।

विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि पोंड़ी जैसे क्षेत्र की छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर के मंच पर अपनी प्रतिभा, विचारों और नेतृत्व क्षमता को प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे वर्षों से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत आस्था समिति के संचालक दौलत राम कश्यप एवं नमिता पब्लिक स्कूल के संचालक एन.के. चंद्रवंशी का विशेष योगदान एवं दूरदर्शी सोच रही है। दोनों के द्वारा विगत कई वर्षों से शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उनके बेहतर भविष्य के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उनके इन्हीं प्रयासों, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन का सुखद परिणाम है कि आज नमिता पब्लिक स्कूल, पोंड़ी को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित बाल संसद में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करने का गौरव एवं सौभाग्यपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ है।

विद्यालय की प्राचार्या शुभा शर्मा का भी इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान एवं मार्गदर्शन रहा है। उनके कुशल शैक्षणिक नेतृत्व एवं सहयोग से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न रचनात्मक, सामाजिक एवं नेतृत्व संबंधी गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित किया जाता है।

वहीं, दोनों छात्राओं के शिक्षक मार्गदर्शक के रूप में श्रीयांशु तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से छात्राएं राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने और कार्यक्रम की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयारी कर रही हैं।

दिल्ली में आयोजित बाल संसद के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों के बीच विचारों का आदान-प्रदान, लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ, सामाजिक जागरूकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा। यह मंच छात्राओं के आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।

विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने दोनों छात्राओं के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। साथ ही उनके अभिभावकों के सहयोग और छात्राओं की मेहनत की सराहना की।

किरण चंद्रवंशी एवं खुशी लहरे की इस उपलब्धि से नमिता पब्लिक स्कूल, पोंड़ी के साथ-साथ पोंड़ी क्षेत्र एवं कबीरधाम जिले का गौरव बढ़ा है। दोनों छात्राओं का राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा।

इस अवसर पर आस्था समिति के संचालक दौलत राम कश्यप, विद्यालय के संचालक एन.के. चंद्रवंशी, प्राचार्या शुभा शर्मा एवं समस्त विद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे दिल्ली में अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।

छोटे से क्षेत्र पोंड़ी से राष्ट्रीय मंच तक का यह सफर इस बात का प्रमाण है कि वर्षों का समर्पण, सही मार्गदर्शन, शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयास बच्चों के भविष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button