मोदी जी के दीर्घायु जीवन व विकसित भारत 2047 के लिए समर्पित सेवा अभियान: जसविंदर बग्गा

आशु चंद्रवंशी, कवर्धा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर चलाए जाने वाले महा-अभियान सेवा संकल्प अभियान को लेकर बुधवार को हिंदू संगम सभा भवन में भाजपा बोड़ला मंडल की कार्यशाला सह कार्य समिति की बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले 1-महीने के विस्तृत कार्यक्रमों और 9 प्रमुख सेवा संकल्पों की रूपरेखा कार्यकर्ताओं के समक्ष रखी गई।
मोदी जी के दीर्घायु जीवन व विकसित भारत 2047 के लिए समर्पित सेवा अभियान
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता एवं मंडल प्रभारी जसविंदर बग्गा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा में समर्पित कर दिया है। उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए हम सभी कार्यकर्ता एक महीने तक सेवा अभियान चलाकर विकसित भारत 2047 की संकल्पना को साकार करने में अपनी सहभागिता निभाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान प्रत्येक शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक अनिवार्य रूप से चलाया जाएगा। श्री बग्गा ने कहा कि पार्टी व संगठन का कार्य कोई बोझ नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की सेवा करने का पवित्र अवसर है। हमारी मूल भावना भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को उन सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाना है, जो इसके वास्तविक हकदार हैं।
संत समाज सर्व समाज का मार्गदर्शक: विदेशी राम धुर्वे
भाजपा के वरिष्ठ नेता विदेशी राम धुर्वे ने संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली कलश यात्रा के संदर्भ में कहा कि संत किसी एक समुदाय या वर्ग के नहीं होते, बल्कि वे पूरे समाज को सही दिशा दिखाते हैं, जिससे राष्ट्र प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है।
बैठक को मंडल अध्यक्ष मोहन धुर्वे, भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवनाथ वर्मा, रामकिंकर वर्मा एवं श्रवण गिरी गोस्वामी ने भी संबोधित किया।
अभियान के अंतर्गत संचालित किए जाने वाले 9 प्रमुख सेवा संकल्प (17 सितंबर – 17 अक्टूबर
आशीर्वाद का दीया
17 सितंबर पीएम मोदी जी के जन्मदिन पर प्रत्येक लाभार्थी के घर और मंदिर,देवालयों में प्रकाश पर्व की तरह दीपक जलाए जाएंगे।
25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत: यह प्रकल्प विशेष रूप से स्कूलों और कॉलेजों के युवाओं व विद्यार्थियों को समर्पित रहेगा।
नमो सेवा गाथा: नाट्य मंडली और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से मोदी जी की 25 वर्षों की अतुलनीय सेवा यात्रा को जन-जन तक प्रस्तुत किया जाएगा।
आंगन उत्सव: आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के साथ-साथ मितानिनों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष सम्मान किया जाएगा।
कहानी बदलाव की: मोदी सरकार की योजनाओं से लाभार्थियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों का प्रदर्शन किया जाएगा।
विकसित भारत संकल्प यात्रा 2047: जन-जन तक देश के विकास की गाथा पहुँचाई जाएगी।
सेवा ज्योति यात्रा: विशेष रथ यात्रा के माध्यम से विकास कार्यों और योजनाओं का प्रचार-प्रसार होगा।
संत रविदास कलश यात्रा: संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मंडल में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।
सेवा मेरा योगदान: रक्तदान शिविर, मरीजों को फल वितरण, स्वच्छता अभियान, मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर और व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण जैसे सेवा कार्य किए जाएंगे।
इस कार्यशाला सह कार्य समिति बैठक में बोड़ला मंडल के सभी अपेक्षित पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और समर्पित कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित रहे।



