सहसपुर लोहारा उपचुनाव में भाजपा की बंपर जीत, कांग्रेस की करारी हार,कांग्रेस चुनाव को गंभीरता से नहीं लेती, हार के बाद रोती है ईवीएम का रोना : मोहन चंद्रवंशी

कवर्धा। नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के अध्यक्ष पद के लिए हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने एकतरफा और ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से पराजित करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। इस शानदार जीत के बाद बोड़ला मंडल के भाजयुमो नेता मोहन चंद्रवंशी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए इसे कांग्रेस के अहंकार की हार बताया है।
कांग्रेस चुनाव को गंभीरता से नहीं लेती, हार के बाद रोती है ईवीएम का रोना : मोहन चंद्रवंशी
इस ऐतिहासिक जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजयुमो नेता मोहन चंद्रवंशी ने कहा कि”भाजपा चाहे कोई भी चुनाव हो, अपनी पूरी ताकत झोंक देती है और पूरी गंभीरता से चुनाव लड़ती है। हमारा एक-एक कार्यकर्ता मतदाता के घर-घर तक जाता है। लोहारा नगर पंचायत उपचुनाव में भी यही देखने को मिला, जहां उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा जी, उपमुख्यमंत्री अरुण साव जी, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव जी, गुरु खुशवंत साहेब जी, सांसद संतोष पांडे जी, विधायक भावना वोहरा जी, जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी जी और चुनाव प्रभारी गोपाल साहू जी सहित पूरा संगठन और कर्मठ कार्यकर्ता मैदान में डटे रहे।”
कांग्रेस पर सीधा और तीखा कटाक्ष करते हुए मोहन चंद्रवंशी ने आगे कहा कि “दूसरी तरफ कांग्रेस का अहंकार और बिखराव साफ नजर आया। कवर्धा के पूर्व विधायक और नगर पंचायत की टिकट देने वाले मोहम्मद अकबर खुद चुनाव प्रचार से पूरी तरह गायब रहे। यही नहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी, जो राजनांदगांव से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं, चुनाव के दौरान जिले के प्रवास पर तो आए, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने लोहारा तक जाने की जहमत नहीं उठाई।उन्होंने कांग्रेस की स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के परिणाम बताते हैं कि एक निर्दलीय प्रत्याशी ने अपने दम पर कांग्रेस के लगभग समकक्ष वोट पाकर यह साबित कर दिया कि जनता में कांग्रेस का कोई आधार नहीं बचा है। कांग्रेस किसी भी चुनाव को गंभीरता से नहीं लेती। राहुल गांधी से लेकर नीचे तक के कांग्रेसी नेताओं का यही हाल है। जब जनता इन्हें पूरी तरह नकार देती है और ये चुनाव हार जाते हैं, तो इनके पास केवल एक ही गाना बचता है— ‘ईवीएम, ईवीएम, ईवीएम’।
चुनावी आंकड़ों में भाजपा की एकतरफा बढ़त
मतगणना के दौरान शुरुआत से लेकर अंतिम राउंड तक भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा लगातार बढ़त बनाए रहीं।भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा: 1,949 वोट मिले,कांग्रेस को 1,187 वोट,निर्दलीय को 1,018 वोट मिले।भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने कांग्रेस समर्पित रोशन वैष्णव को 762 मतों से और निर्दलीय प्रत्याशी अजय यादव को 931 मतों से करारी शिकस्त दी। अन्य प्रत्याशियों में डाकेश्वर श्रीवास को 25, महादेव कुम्भकार को 17, गुलशन कुमार गंधर्व को 10 और नोटा को 31 वोट मिले।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और मिठाई के साथ मनाया जश्न
चुनाव परिणाम घोषित होते ही सहसपुर लोहारा से लेकर कवर्धा तक भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल देखा गया। कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस भारी बहुमत के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोहारा की जनता ने भाजपा की नीतियों, सुशासन और क्षेत्र के विकास पर अपना अटूट भरोसा जताया है।



