आम चर्चा

मंडप में मौत का तांडव:पत्नी के साथ नाचते देख दूल्हे के पिता ने दो भाइयों को कुल्हाड़ी से काटा

कवर्धा। तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र के बनगौरा गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बेटे की शादी में पिता ने आंगन में अपने ही सगे दो भाइयों की लाश बिछा दी। आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। संगीत कार्यक्रम के दौरान जब पत्नी के साथ अपने भाई को नाचते हुए देखा, तो तैश में आकर आरोपी ने अपने ही भाइयों को मार डाला।

घटना दोपहर करीब 1 बजे की है। आरोपी तिनहा पिता सुख सिंह बैगा (46) ग्राम बनगौरा का रहने वाला है। आरोपी तिनहा के बेटे की शादी थी। दुल्हन को ब्याह कर घर लाने के बाद आंगन में संगीत कार्यक्रम चल रहा था। मंडप के नीचे आरोपी की पत्नी सनमति बाई अपने देवर जगतराम बैगा के साथ नाच रही थी।

अवैध संबंध के शक में आरोपी ने कुल्हाड़ी से अपने छोटे भाई जगतराम के सिर व कनपटी पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच- बचाव करने आए बड़े भाई तिकतु बैगा पर भी आरोपी ने हमला किया, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।

ये पूरा घटनाक्रम दुल्हा- दुल्हन की आंखों के सामने हुआ। लेकिन आरोपी का गुस्सा देखकर उसे रोकने किसी की हिम्मत नहीं हो रही थी। अकस्मात हुई इस घटना के बाद अब घर में मातम छाया हुआ है।

वारदात के वक्त शराब के नशे में था आरोपी तिनहा

रविवार को बेटे की शादी हुई थी। शादी के बाद दुल्हन को पहली बार घर लेकर आए थे। इसी खुशी में संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया था। आंगन में मंडप के नीचे परिवार के सभी सदस्य व रिश्तेदार नाच- गाना कर रहे थे। आरोपी तिनहा बैगा ने काफी शराब पी रखी थी। पूर्व से अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। संगीत कार्यक्रम के दौरान जब पत्नी को भाई के साथ नाचते देखा, तो नशे में आरोपी का गुस्सा फूट पड़ा और ये वारदात हुई।

पुलिस पहुंची तो आंगन में बिछी थीं लाशें, घायल तड़प रहे थे

सूचना पर तरेगांव पुलिस की टीम जब गांव पहुंची, तो देखा कि आंगन में मंडप के नीचे दो लाश पड़ी है। वहीं कुल्हाड़ी के वार से घायल सुखराम और मोहतु बैगा भी आंगन में पड़े तड़प रहे थे। शादी में आए रिश्तेदार व गांव के अन्य लोगों में चीख- पुकार मची हुई थी। पुलिस ने तुरंत घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया। वहीं नशे में धुत पड़े आरोपी तिनहा बैगा को गिरफ्तार किया। वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए बोड़ला भेजा गया।

सगे भाइयों के कत्ल के बाद पत्नी को भी मारने दौड़ाया
सगे भाइयों की हत्या के बाद भी आरोपी तिनहा बैगा रुका नहीं। उसने कुल्हाड़ी व चाकू से अपनी पत्नी सनमति बाई पर हमला किया। हमले में घायल सनमति बाई किसी तरह जान बचाकर घर से बाहर भागी, तो आरोपी कुल्हाड़ी लेकर उसके पीछे दौड़ा। उसे बचाने आए सुखराम बैगा (आरोपी का जीजा) और मोहतु बैगा पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे दोनों को गंभीर चोंट लगी है। हमले में आरोपी की पत्नी भी बुरी तरह से घायल हुई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button