आम चर्चा

समाज और राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका बहुमूल्य, उन्हें प्रोत्साहित करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी : भावना बोहरा

समाज और राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका बहुमूल्य, उन्हें प्रोत्साहित करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी : भावना बोहरा

कवर्धा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 11 मार्च को भाजपा महिला मोर्चा जिला कबीरधाम द्वारा कवर्धा के निजी होटल में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सुषमा स्वराज अवार्ड से सम्मानित किया गया। भाजपा महिला मोर्चा के केन्द्रीय नेतृत्व के आह्वान एवं महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष के मार्गदर्शन में महिलाओं के उत्थान हेतु स्व. सुषमा स्वराज जी के द्वारा किये गए कार्यों की स्मृति में भाजपा महिला मोर्चा जिला कबीरधाम द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया जिसमें फाग गीत व नंगाड़े के साथ फूलों की होली खेलकर सभी ने एक दूसरे को होली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही कार्यक्रम में आई महिलाओं के मनोरंजन हेतु विभिन्न खेलों का आयोजन भी किया गया जिसमें महिलाओं ने पूरे उत्साह व उल्लास के साथ अपनी सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर भाजपा कवर्धा जिला अध्यक्ष अनिल सिंह ठाकुर ने कहा कि आज देश के विकास में महिलाओं की भूमिका अहम है। वह एक गृहणी के तौर पर माँ, बहन और बेटी के साथ-साथ देश की रक्षा, राजनीति, प्रशासनिक जिम्मेदारियों के अलावा सामाजिक क्षेत्र में पुरुषों से कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं।महिलाएं नौकरी करने लगी है। घर के खर्चों में योगदान देने लगी है। कई क्षेत्रों में तो महिला पुरुषों से आगे निकल गई है। दिन प्रतिदिन लड़कियां ऐसे ऐसे कीर्तिमान बना रही है जिस पर न सिर्फ परिवार या समाज को बल्कि पूरा देश गर्व महसूस कर रहा है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री और कबीरधाम जिला पंचायत की सभापति भावना बोहरा ने कहा कि स्व.सुषमा स्वराज जी हम सभी महिलाओं के एक आदर्श हैं। सरल व सहज स्वभाव, एक प्रखर वक्ता एवं कुशल राजनेत्री के रूप में उन्होंने देश में महिलाओं के सशक्तिकरण, उनके स्वावलंबन हेतु उत्कृष्ट कार्य किया है। महज 25 वर्ष की आयु में वे हरियाणा सरकार में सबसे युवा मंत्री का दायित्व निभाया। सुषमा स्वराज जी 7 बार संसद सदस्य और 3 बार विधान सभा सदस्य चुनी गयी थीं. इसके साथ ही दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री होने का गौरव भी उनके राजनीतिक सफ़र की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आज उनके आदर्शों का स्मरण करते हुए एवं उनके प्रति अपनी स्मृतियों को व्यक्त करने के लिए हमारे कवर्धा जिले की मातृ शक्तियों को सुषमा स्वराज अवार्ड से सम्मानित किया गया।

भावना बोहरा ने कहा कि हमारे कवर्धा जिले में भी कई माताएं, बहनें और बेटियां हैं जिनमें प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सिमित संसाधनों में भी उन्होंने अपने कौशल से विभिन्न क्षेत्रों में केवल हमारे जिले ही नहीं अपितु हमारे प्रदेश का गौरव देश भर में बढ़ाने का अतुलनीय कार्य किया है। उनकी इसी समर्पण भावना के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए महिलाओं को प्रेरणा प्रदान करने के लिए आज उनका आभार व्यक्त किया गया। इसके साथ ही उन्हें प्रोत्साहित किया गया ताकि वे भविष्य में भी आत्मनिर्भरता व स्वावलंबन के साथ हमारे जिले की अन्य नारी शक्तियों को प्रेरित करती रहें। आज अंतरिक्ष हो या विज्ञान, शिक्षा हो या अनुसंधान, खेल हो या उद्योग सभी क्षेत्रों में नारी शक्तियों ने अपने हुनर व कौशल का लोहा मनवाया है। समाज के विकास के साथ साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी हमारे देश की माताएं, बहनें और बेटियां विश्व में भारत का विजय पताका लहरा रहीं हैं।

मधु तिवारी ने कहा कि आज की महिला सशक्त है। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान एवं उनके सशक्तिकरण के लिए कई सराहनीय कदम उठाएं जा रहें हैं। योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ उनके कौशल विकास हेतु भी कई सार्थक प्रयासों से देश की महिलाएं आत्मनिर्भर बन रहीं हैं और घर के मुखिया के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहीं हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मैं सभी नारी शक्तियों को नमन करती हूँ जिनके सहयोग से आज हमारा देश निरंतर विकास के पथ पर गतिमान है।

इस अवसर पर सतविंदर पाहुजा जी, सविता ठाकुर जी, विजय लक्ष्मी तिवारी जी, सुषमा चंद्रवंशी जी, तारा देवी मरकाम जी, शिव कुमारी जी, प्रभा मानिकपुरी जी, संगीता जायसवाल जी, रति ठाकुर जी, पुष्प पाण्डेय जी, नीतू शर्मा जी, राजकुमारी साहू जी, सुमन गुप्ता जी, कला धुर्वे जी, दीपा धुर्वे जी, सावित्री साहू जी, गंगोत्री कौशिक जी, गौरी साहू जी, विद्या श्रीवास जी, अंजू शर्मा जी, दुर्गा वैष्णव जी, चन्द्रप्रभा चंद्रवंशी जी, मोहिनी ठाकुर जी, पुष्पा सोनी जी, ऋतू देसाई जी शकुंतला जी, भाजपा महिला मोर्चा की समस्त बहनें, सभी मोर्चा व प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता साथी, क्षेत्र की गणमान्य महिलाएं एवं भाजपा के कार्यकर्तागण उपस्थित थे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button