पंडरिया विधायक भावना बोहरा से मिला शिक्षक संघर्ष मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल : शिक्षक संवर्ग की मांगों पर हुई सार्थक चर्चा, विधायक ने दिया आश्वासन

आशु चंद्रवंशी,कवर्धा । छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा से मुलाकात कर शिक्षक संवर्ग की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा और विस्तार से चर्चा की।
ज्ञापन में रखी प्रमुख मांग
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से मांग रखी कि सेवारत शिक्षक संवर्ग के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करते हुए पूर्व सेवा की गणना प्रथम नियुक्ति तिथि से कर पुरानी पेंशन सहित समस्त लाभ प्रदान किए जाएं, वेतन विसंगति दूर की जाए, शिक्षक भर्ती एवं पदोन्नति नियमों से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाए तथा शिक्षक संवर्ग को ब्रिज कोर्स के माध्यम से बीएड प्रशिक्षित किया जाए।
किसी भी वरिष्ठ शिक्षक को हानि नहीं होने देंगे – विधायक
चर्चा के दौरान विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने कहा कि पदोन्नति में किसी भी वरिष्ठ शिक्षक को हानि नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे शिक्षा मंत्री से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर शिक्षकों की मांगों को उनके समक्ष रखेंगी तथा इस संबंध में पत्राचार भी करेंगी।
शिक्षक मोर्चा ने जताया आभार
विधायक द्वारा मांगों को गंभीरता से सुनने एवं सकारात्मक पहल का आश्वासन देने पर मोर्चा ने आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि शासन स्तर पर शीघ्र ही समस्याओं का समाधान होगा। वही इस संबंध में प्रांतीय उप संयोजक सोहन यादव ने बताया कि शिक्षक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं और शासन को शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में संभागीय संयोजक विनोद गुप्ता, प्रांतीय उप संयोजक सोहन यादव, जिला संयोजक कबीरधाम धनुक वर्मा, शत्रुहन ध्रुवे, देवराज सिंह उईके प्राचार्य, मुरली शरण बघेल, छोटे लाल पाटील, संतोष मंडावी, लतीफ हुसैन, जोहन पुनाचा, रामबिलास गजराज, केशव पाली, श्यामसुन्दर शर्मा, श्रीमती संतोषी गुप्ता, जुनेश्वर पाटिल, बोधन वर्मा, बलियार सिंह उईके, गौतर राडेकर, अनिल यादव, रेखलाल साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।



