बैरख हाई स्कूल में विदाई समारोह संपन्न : नम आँखों से दी गई दसवीं के छात्रों को विदाई

कवर्धा। वनांचल क्षेत्र में स्थित शासकीय हाई स्कूल बैरख के सभागार में आज एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा नवमी के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर (कक्षा दसवीं) के छात्र-छात्राओं को भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह का आगाज़ मुख्य अतिथियों द्वारा विद्या की देवी माँ सरस्वती के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ किया गया। विदाई की इस बेला में जहाँ एक ओर बिछड़ने का गम था, वहीं भविष्य की नई उड़ान के लिए उत्साह भी दिखाई दिया।
प्राचार्य सोहन कुमार यादव का प्रेरणादायी उद्बोधन
संस्था के प्राचार्य सोहन कुमार यादव ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उनके भीतर से परीक्षा का भय दूर करने का प्रयास किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा प्रिय विद्यार्थियों, बोर्ड परीक्षा को डर या तनाव के रूप में नहीं, बल्कि इसे एक ‘उत्सव’ की तरह लें। जैसे हम त्योहारों का आनंद लेते हैं, वैसे ही परीक्षा को भी अपनी मेहनत को प्रदर्शित करने का अवसर मानें। शांत मन और खुशी के साथ परीक्षा दें, सफलता निश्चित ही आपके कदम चूमेगी। मेरी शुभकामनाएं सदैव आप सभी के साथ हैं।
अनुभव साझा और उपहार भेंट
कार्यक्रम के दौरान कक्षा दसवीं के छात्रों ने विद्यालय में बिताए अपने सुनहरे दिनों और शिक्षकों से मिले स्नेहपूर्ण अध्यापन के अनुभवों को साझा किया। कक्षा नवमी के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर साथियों को स्मृति चिह्न के रूप में कंपास और पेन भेंट किए और उनके उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की।
दोहरी विदाई का क्षण
विद्यार्थियों के साथ-साथ यह अवसर विद्यालय परिवार के लिए इसलिए भी भावुक रहा क्योंकि शिक्षिका मंजू नागवंशी को प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नत होने के फलस्वरूप विदाई दी गई। उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी गई।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर जनपद सदस्य सरला श्याम मसराम, सरपंच सुधारी मसराम, व्याख्याता संजय कुमार जायसवाल, प्रेमलता ठाकुर, प्रधान पाठक आरती झारिया, सुरतिया राम साहू, चमेश रावटे, केशव प्रसाद भारद्वाज, चैन सिंह धुर्वे सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



