आम चर्चा

संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर भाजपा का जिला स्तरीय कलश वंदन कार्यक्रम सम्पन्न

आशु चंद्रवंशी,कवर्धा । भारतीय जनता पार्टी जिला कबीरधाम द्वारा सोमवार को संत शिरोमणि श्री रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर जिला स्तरीय कलश वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे संत समाज के प्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने संत शिरोमणि रविदास महाराज जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने संत रविदास महाराज जी के जीवन और उनके विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में समानता, समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा उनका जीवन यह प्रेरणा देता है कि समाज में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। संत रविदास जी ने अपने कर्म, विचार और भक्ति के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और एकता के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संतों, महापुरुषों और समाज के सभी वर्गों के सम्मान तथा उनके विचारों को आगे बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पांडे ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज जी केवल एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज को जात-पात और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता एवं सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। संत रविदास जी का जीवन हमें श्रम, भक्ति, समानता और सेवा का संदेश देता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक मजबूत, समरस और एकजुट समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि संत रविदास महाराज जी की जयंती हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का अवसर प्रदान करती है। भाजपा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है l कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, पूर्व विधायक मोतीराम चंद्रवंशी, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा, चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला महामंत्री मुकेश ठाकुर, नितेश अग्रवाल, भुनेश्वर चंद्राकर, सौखी अहिरवार सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे संत समाज के प्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button