आम चर्चा

एशिया कप विजेता बोड़ला की बेटी गीता यादव का नितेश अग्रवाल ने किया आत्मीय स्वागत

आशु चंद्रवंशी, कवर्धा। चीन में आयोजित AHF महिला जूनियर एशिया कप 2026 में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान चीन को 1–0 से पराजित कर लगातार तीसरी बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि का हिस्सा बनकर बोड़ला, कबीरधाम की बेटी गीता यादव ने पूरे छत्तीसगढ़ और अपने क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

एशिया कप विजेता टीम का हिस्सा बनने के बाद जब गीता यादव अपने नगर बोड़ला पहुंचीं, तो पूरे नगर में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री नितेश अग्रवाल ने गीता यादव का आत्मीय एवं भव्य स्वागत कर उन्हें इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

नितेश अग्रवाल ने कहा कि बोड़ला की बेटी का देश की जूनियर महिला हॉकी टीम का हिस्सा बनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। गीता ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से न केवल अपने माता-पिता का मान बढ़ाया है, बल्कि बोड़ला, कबीरधाम और पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

उन्होंने गीता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह इसी तरह निरंतर आगे बढ़ें, देश के लिए और बड़ी उपलब्धियां हासिल करें तथा आने वाली पीढ़ी की बेटियों के लिए प्रेरणा बनें। उन्होंने गीता के माता-पिता एवं परिवार को भी बधाई देते हुए कहा कि बेटी की इस सफलता के पीछे परिवार के संस्कार, प्रोत्साहन और त्याग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

गीता यादव की उपलब्धि से पूरे बोड़ला नगर में गर्व और उत्साह का वातावरण रहा। नगरवासियों ने भी अपनी बेटी का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। गीता की यह सफलता ग्रामीण और छोटे शहरों की प्रतिभाशाली बेटियों के लिए यह संदेश देती है कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ वे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।

नितेश अग्रवाल ने कहा— “गीता केवल बोड़ला की बेटी नहीं, बल्कि आज पूरे छत्तीसगढ़ और देश का गौरव है। हमारी शुभकामनाएं हैं कि वह आने वाले समय में और ऊंचाइयां हासिल करें और भारत का तिरंगा विश्व के खेल मंच पर इसी तरह गौरवान्वित करती रहें।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button