नेऊरगांव खुर्द में हमर तीज हमर संस्कृति की धूम, युवा मुठ्ठी ने किया भव्य तीज मिलन का आयोजन : सुआ नृत्य और खेल प्रतियोगिताओं के साथ मना तीज महोत्सव, मातृशक्ति का हुआ सम्मान

आशु चंद्रवंशी,कवर्धा। ग्राम नेऊरगांव खुर्द में युवा मुठ्ठी संगठन एवं ग्राम पंचायत टीम के संयुक्त तत्वावधान में रविवार 13 सितंबर 2026 को हमर तीज – हमर संस्कृति, हमर बहिनी बेटी के सम्मान थीम पर भव्य तीज मिलन समारोह एवं महिला खेल महोत्सव का आयोजन नवधा स्थल पानी टंकी के पास हर्षोल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम की माताओं बहनों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों में चम्मच दौड़ में संतोषी चन्द्रवंशी प्रथम और दुर्गेश्वरी यादव द्वितीय, मटका फोड़ में संतोषी वर्मा प्रथम और सुषमा चन्द्राकर द्वितीय, बॉटल भिंडी में संतोषी वर्मा प्रथम और अमेरिका वर्मा द्वितीय, बाल्टी में गेंद डालना में सुषमा चन्द्राकर प्रथम और मीना चन्द्रवंशी द्वितीय, कुर्सी रेस में प्रमिला निर्मलकर प्रथम और पिंकी वर्मा द्वितीय तथा फुगड़ी प्रतियोगिता में सुषमा चन्द्राकर प्रथम और भारती साहू द्वितीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को नगद राशि और भारत माता की प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया।
सिर्फ संगठन नहीं, गांव की आत्मा है युवा मुठ्ठी
युवा मुठ्ठी संगठन सिर्फ कार्यक्रम करने तक सीमित नहीं है। गांव के सुख दुख के हर कार्य में संगठन के युवा एक परिवार की तरह सबसे आगे खड़े रहते हैं। इसी कारण पूरा गांव इस संगठन को अपनी आत्मा मानता है और आज कबीरधाम जिले में हर जगह इसकी तारीफ हो रही है।
संस्कृति और परंपरा के संरक्षक
युवा मुट्ठी संगठन छत्तीसगढ़ की सभ्यता को जीवित रखे हुए है। होली मिलन, दीपावली पर गौरी गौरा पूजन, हरेली, तीजा पोरा सहित सभी छत्तीसगढ़ी तीज त्योहारों को युवा मुठ्ठी संगठन बड़े ही पारंपरिक और भव्य तरीके से मनाता है। तीज मिलन समारोह इसी परंपरा की एक कड़ी है।
पर्यावरण और स्वच्छता के है सजग प्रहरी
विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्राम देव और ठाकुर देव परिसर में नीम, चंदन, बादाम, कदम जैसे छायादार पौधों का वृक्षारोपण कर 1000 पौधे लगाने का महासंकल्प इसी संगठन ने लिया है। साथ ही गांव की गलियों और नालियों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश भी इन्हीं युवाओं ने दिया है।
गांव में बनाई भारत माता की प्रतिमा
संगठन का सबसे गौरवशाली कार्य गांव में भारत माता की प्रतिमा की स्थापना करवाना है। आज यह स्थल पूरे क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का केंद्र बन गया है और हर आयोजन में इसी प्रतिमा से सम्मान दिया जाता है।ग्राम सरपंच, उपसरपंच, पंचगण और वरिष्ठजनों ने कहा कि युवा मुठ्ठी संगठन ने नेऊरगांव खुर्द को एक आदर्श ग्राम बना दिया है। जब युवा एक मुठ्ठी में बंध जाते हैं तो गांव का भविष्य बदल जाता है।



