आम चर्चा

कवर्धा में शिक्षक संघर्ष मोर्चा की हुंकार, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर निकाली रैली, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

आशु चंद्रवंशी, कवर्धा। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर आज जिला मुख्यालय कबीरधाम में शिक्षकों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर विशाल रैली निकाली। जिला पंचायत परिसर से शुरू हुई यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां शिक्षकों ने जिलाधीश को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

रैली में जिले के सभी विकासखंडों से हजारों की संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए।

मोर्चा की प्रमुख पांच मांगें इस प्रकार हैं –
1. शिक्षकों को टीईटी (TET) की अनिवार्यता से छूट दी जाए।
2. पूर्व सेवा की गणना करते हुए वरिष्ठता का लाभ दिया जाए।
3. शिक्षकों के लिए केंद्रीय वेतनमान लागू किया जाए।
4. भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में आवश्यक संशोधन किया जाए।
5. अप्रशिक्षित शिक्षकों को ब्रिज कोर्स के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जाए।

ज्ञापन में कहा गया है कि शिक्षक लंबे समय से अपनी इन न्यायोचित मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। ये सभी मांगें शिक्षकों के सेवा हित और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के हित से जुड़ी हैं।

इस अवसर पर संयुक्त शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सोहन यादव ने बताया कि, “शिक्षक वर्षों से अपनी न्यायोचित मांगों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष कर रहे हैं। शासन को अब शिक्षकों की पीड़ा समझनी होगी। टीईटी से छूट और पूर्व सेवा की गणना हमारा अधिकार है, कोई उपकार नहीं। यदि हमारी पांचों मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो यह आंदोलन ब्लॉक से लेकर राजधानी तक और अधिक व्यापक होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।”

कार्यक्रम में दुर्ग संभाग अध्यक्ष श्री विनोद गुप्ता, जिला संयोजक डॉ. रमेश चंद्रवंशी, शिवेंद्र चंद्रवंशी, धनुक वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आगामी दिनों में उग्र आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।रैली शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button