आम चर्चा

हनुमान जन्मोत्सव पर बोड़ला में उमड़ेगा आस्था का सैलाब: भव्य शोभायात्रा और नागपुर की झांकियां होंगी मुख्य आकर्षण

आशु चंद्रवंशी,कवर्धा। बोड़ला नगर में आगामी 2 अप्रैल, गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव का पर्व अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। हनुमान जन्मोत्सव समिति द्वारा इस वर्ष आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर रूपरेखा तैयार की गई है, जिसे लेकर धर्मप्रेमियों और नगरवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

नागपुर की प्रसिद्ध महामाया झांकी बढ़ाएगी शोभा

इस वर्ष के आयोजन का मुख्य केंद्र बिंदु महामाया झांकी, नागपुर द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली भव्य और मनमोहक झांकियां होंगी। इन झांकियों के माध्यम से विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रसंगों का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत यह कलाकृति नगर भ्रमण के दौरान आकर्षण का केंद्र रहेगी, जिसे देखने के लिए आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।

प्राचीन राम जानकी मंदिर में होंगे धार्मिक अनुष्ठान

उत्सव का शुभारंभ नगर के अति प्राचीन राम जानकी मंदिर में प्रातः काल से ही शुरू हो जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक सुन्दरकाण्ड पाठ से होगी, जिसमें भक्तगण हनुमान जी की भक्ति में लीन होकर मंगल कामना करेंगे। पूजन-अर्चन के पश्चात मंदिर परिसर से ही भव्य शोभायात्रा का आगाज होगा।

भक्तिमय होगी नगर की गलियां: निकलेगी भव्य शोभायात्रा

सजी-धजी झांकियों और भजन-कीर्तन मंडलियों के साथ निकलने वाली यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। डीजे, धुमाल और शंखनाद के बीच निकलने वाली इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह स्वागत और ठंडे पेयजल की व्यवस्था भी की जा रही है।

महाआरती और विशाल भंडारे के साथ समापन

शोभायात्रा के पुनः राम जानकी मंदिर पहुँचने पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं महाआरती का आयोजन होगा। इसके पश्चात समिति द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी।

हनुमान जन्मोत्सव समिति के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने समस्त नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर धर्म लाभ उठाएं और इस भव्य आयोजन को सफल बनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button