आम चर्चा

बोड़ला जनपद पंचायत के लिए नरेश चंद्रवंशी सांसद प्रतिनिधि नियुक्त, क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति

आशु चंद्रवंशी, बोड़ला। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय ने बोड़ला जनपद पंचायत की सामान्य सभा की बैठकों के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व जनपद सदस्य नरेश चंद्रवंशी को अपना आधिकारिक प्रतिनिधि नियुक्त किया है। इस नियुक्ति का आधिकारिक पत्र सांसद कार्यालय द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बोड़ला को प्रेषित कर दिया गया है।
नरेश चंद्रवंशी की इस नियुक्ति से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। कट्टर भाजपा विचारधारा के प्रति समर्पित और जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने वाले चंद्रवंशी के पास पंचायत प्रशासन का लंबा अनुभव है। इससे पहले भी वे जनपद सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जानकारों का मानना है कि उनकी इस नियुक्ति से जनपद पंचायत की बैठकों में क्षेत्रीय समस्याओं को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा और विकास कार्यों में तेजी आएगी।

नरेश चंद्रवंशी ने जताया आभार

सांसद प्रतिनिधि के रूप में अपनी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नरेश चंद्रवंशी ने कहा कि मैं हमारे यशस्वी सांसद संतोष पांडेय जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताते हुए मुझे जनपद पंचायत बोड़ला में अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया है। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की सेवा करने का एक नया अवसर है।
उन्होंने आगे कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में मेरा लक्ष्य हमेशा अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाना रहा है। अब सांसद प्रतिनिधि के रूप में, मैं जनपद की सामान्य सभा की बैठकों में बोड़ला क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं, जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के मुद्दों को प्रमुखता से उठाऊँगा। मैं सुनिश्चित करूँगा कि विकास की धारा हर गाँव और हर घर तक पहुँचे। मैं अपने क्षेत्र के सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद करता हूँ जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से मैं सदैव जनसेवा के मार्ग पर अग्रसर रहता हूँ।

क्षेत्रवासियों ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि नरेश चंद्रवंशी एक कुशल संगठनकर्ता होने के साथ-साथ मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं। पूर्व जनपद सदस्य रहने के कारण उन्हें प्रशासनिक बारीकियों की गहरी समझ है। उनकी छवि एक ऐसे नेता की है जो दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सदैव जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हैं। उनकी इस नई जिम्मेदारी से बोड़ला जनपद पंचायत और सांसद कार्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जिसका सीधा लाभ क्षेत्र की जनता को मिलेगा। वही इस नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है और सभी ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button