आम चर्चा

गंडई खुर्द में प्रशासन का बुलडोजर : गौठान और गौचर की सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा

आशु चंद्रवंशी, कवर्धा।  ग्राम गंडई खुर्द में सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने गौचर और गौठान के पास स्थित शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है, वहीं ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत किया है।

दो लोगों ने किया था कब्जा

जानकारी के अनुसार, गांव की बेशकीमती सरकारी जमीन पर रैमुन धुर्वे और डोंगरहा चंद्रवंशी द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण व अतिक्रमण किया गया था। इसकी शिकायत मिलने पर प्रशासन ने संज्ञान लिया और ग्राम पंचायत के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की योजना बनाई। गुरुवार को भारी पुलिस बल और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में इस अतिक्रमण को पूरी तरह हटा दिया गया।

ग्राम विकास को मिलेगी गति : सरपंच

इस मौके पर गंडई खुर्द के सरपंच रवि चंद्रवंशी ने कहा कि सरकारी जमीन किसी निजी व्यक्ति की जागीर नहीं है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटने से अब गौठान का विस्तार होगा और पशुओं के चरने के लिए पर्याप्त गौचर भूमि उपलब्ध रहेगी। इस भूमि पर अब जनहित के निर्माण कार्य कराए जा सकेंगे, जिससे पूरे ग्रामवासियों को सीधा लाभ होगा।

अधिकारियों की फौज रही तैनात

कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी अमला मौजूद रहा, जिसमें मुख्य रूप से तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार,राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी,कोटवार एवं पुलिस बल पंचायत प्रतिनिधि सहित ग्रामीण जन मौजूद रहे।

ग्रामीणों में खुशी की लहर

प्रशासन की इस सर्जिकल स्ट्राइक से ग्रामीण बेहद खुश हैं। लोगों का कहना है कि गांव की उपयोगी जमीन को दबाने की मंशा रखने वालों को इस कार्रवाई से कड़ा संदेश मिला है। अब भविष्य में कोई भी सरकारी जमीन पर आंख उठाने की हिम्मत नहीं करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button