नेऊरगांव खुर्द में गूंजे ब्रज के फाग, दो दिवसीय जिला स्तरीय रंगोत्सव सम्पन्न

मानिकपुर (बोड़ला) की टीम प्रथम, विजेता प्रतिभागी टीम को श्री रामचरितमानस, श्रीफल व सम्मान राशि से किया गया सम्मानित
आशु चंद्रवंशी, कवर्धा। कबीरधाम जिले के ग्राम नेऊरगांव खुर्द में होली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में दिनांक 02 मार्च 2026 एवं 03 मार्च 2026 को दो दिवसीय जिला स्तरीय रंगोत्सव फाग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन उत्साह और पारंपरिक सांस्कृतिक रंगों के साथ सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंची फाग मंडलियों ने ब्रजभाषा के पारंपरिक फाग गीतों, मधुर स्वर लहरियों और नगाड़ों की गूंज से पूरे वातावरण को होली के रंग में सराबोर कर दिया। प्रतियोगिता में कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। निर्णायक मंडल द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार मानिकपुर (बोड़ला) की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं ग्राम छूही (जंगल तरेगांव) की टीम द्वितीय, हथलेवा (लोहारा) तृतीय, नेऊरगांव कला (बोड़ला) चतुर्थ तथा लखनपुर कला (पंडरिया) टीम–बी पंचम स्थान पर रही। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विजेता एवं प्रतिभागी टीमों को आयोजन समिति की ओर से पूरे सम्मान के साथ गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित पवित्र ग्रंथ “श्री रामचरितमानस”, श्रीफल एवं सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी नरेश चंद्रवंशी ने की। वहीं काशीराम उईके, सरपंच नेमसिंह धुर्वे, उपसरपंच कुलदीप चंद्रवंशी, पूर्व सरपंच कुमार धुर्वे, कथावाचक चिंताराम चंद्रवंशी सहित ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस भव्य आयोजन का सफल संचालन ग्राम के युवाओं के संगठन “युवा मुट्ठी नेऊरगांव खुर्द” द्वारा किया गया। युवा मुट्ठी केवल एक संगठन नहीं बल्कि गांव के विकास, नवाचार और सामाजिक जागरूकता की सकारात्मक सोच का प्रतीक बन चुका है। संगठन द्वारा समय-समय पर ऐसे सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन कर गांव को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामवासियों के सहयोग और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से सम्पन्न यह रंगोत्सव क्षेत्र में भाईचारे, प्रेम और सांस्कृतिक एकता का संदेश देने वाला एक यादगार आयोजन बन गया।



