आम चर्चा

पंडरिया आबकारी की बड़ी कार्रवाई: मुंगेली से लाकर बेची जा रही अवैध शराब जप्त, आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग को एक बड़ी सफलता मिली है। आबकारी वृत्त पंडरिया की टीम ने ग्राम कोड़ापुरी में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध देशी शराब जप्त की है। पकड़ी गई शराब पड़ोसी जिले मुंगेली से तस्करी कर लाई गई थी।

सूचना पर दी गई दबिश

आबकारी आयुक्त सुश्री आर. शंगीता एवं कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार तथा जिला आबकारी अधिकारी अजय सिंह धुर्वे के मार्गदर्शन में 26 फरवरी 2026 को यह कार्रवाई की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोड़ापुरी (थाना कुंडा) में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है।

भारी मात्रा में शराब बरामद

सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी तातु चंद्राकर (पिता शिवप्रसाद चंद्राकर) के रिहायशी मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर से 80 नग देशी मदिरा प्लेन के पाव बरामद किए गए, जिसकी कुल मात्रा 14.4 बल्क लीटर आंकी गई है।

मुंगेली से तार जुड़े, गैर-जमानती धारा में केस दर्ज

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उक्त शराब मुंगेली जिले के खामही मदिरा दुकान से लाई गई थी। आबकारी टीम ने शराब को विधिवत सीलबंद कर जप्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की गई है, जो कि एक गैर-जमानती अपराध है।

कार्यवाही में शामिल टीम

यह पूरी कार्यवाही वृत्त पंडरिया प्रभारी अभिनव आनंद बख्शी के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस सफल छापामार कार्यवाही में मुख्य आरक्षक जगदीश सिंह उइके, आरक्षक कमल मेश्राम, अमर पिल्ले और आकाश चौहान का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button