जमीन विवाद में दबंगों की दबंगई: नामजद आरोपियों की धमकी से परिवार दहशत में : पुलिस अधीक्षक से जान की सुरक्षा की मांग

कवर्धा। जिले के भालूचुआ ग्राम में जमीन विवाद को लेकर एक परिवार लगातार दबंगों के आतंक का सामना कर रहा है। पीड़ित जितेन्द्र गेंन्द्रे ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि गांव के ही रामसाहायता, रामखिलावन, सोमदत्त, ईश्वर और अमित नामक व्यक्तियों द्वारा बार-बार जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ित के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को पहली बार आरोपियों ने उसके निजी खेत में घुसकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत थाना भोरमदेव में की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 9 अप्रैल को फिर से आरोपियों ने घटना दोहराई, जिसकी शिकायत दोबारा पुलिस को दी गई, पर इस बार भी कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
आरोप है कि 11 अप्रैल 2026 को एक बार फिर सभी नामजद आरोपी खेत में घुस आए और गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित ने बताया कि ये सभी आरोपी पूर्व में भी मारपीट की घटना को अंजाम दे चुके हैं और मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद उनके हौसले बुलंद हैं।
पीड़ित परिवार का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद पुलिस के द्वारा समझाने के बाद भी आरोपियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। परिवार के बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और छोटे बच्चे लगातार भय के साये में जी रहे हैं।
आवेदन में पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी आरोपियों के साथ-साथ प्रशासन की भी होगी।



