आम चर्चा

लेंजाखार (पोंड़ी) में 13 मार्च से उमड़ेगा भक्ति का सैलाब, पंचदिवसीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं श्रीराम कथा का भव्य आयोजन

आशु चंद्रवंशी, कवर्धा। धर्म और अध्यात्म की नगरी कबीरधाम जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम लेंजाखार (पोंड़ी) में आगामी 13 मार्च से भक्ति की गंगा बहने वाली है। यहाँ पांच दिवसीय ‘श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं श्रीराम कथा’ का भव्य आयोजन ‘शनिदेव महोत्सव समिति’ एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है, जिसे लेकर ग्राम में व्यापक स्तर पर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

वैदिक रीति-रिवाज से शुरू होगा महायज्ञ
आयोजन की शुरुआत 13 मार्च, शुक्रवार को भव्य जल यात्रा (कलश यात्रा) के साथ होगी। इसी दिन पंचांग पूजन एवं मण्डप प्रवेश का विधान संपन्न किया जाएगा।

अग्नि प्रकट्य: 14 मार्च को प्राचीन पद्धति ‘अरणी मंथन’ द्वारा पवित्र अग्नि प्रज्वलित की जाएगी।

पूर्णाहुति: 17 मार्च, मंगलवार को महायज्ञ की पूर्णाहुति एवं यज्ञान्त स्नान के साथ इस पांच दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।

विद्वानों के मुखारविंद से बहेगी ज्ञान की सरिता
इस महोत्सव में भक्तों को देश के ख्यातिलब्ध कथा वाचकों और विद्वानों का सानिध्य प्राप्त होगा।

मानस कोकिला श्रीमती कमलेश्वरी देवी: 15 और 16 मार्च को श्रीराम कथा के माध्यम से प्रभु राम के आदर्शों का बखान करेंगी।

आचार्य श्री सूरज शर्मा (डौंडी): दंतेश्वरी शक्ति पीठ के आचार्य श्री सूरज शर्मा 14 से 16 मार्च तक अपने ओजस्वी प्रवचनों से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे।

मुख्य आचार्य: कार्यक्रम का संचालन आचार्य श्री उर्मिला शर्मा मिश्रा एवं प्रसिद्ध याज्ञिक पुरोहित श्री राजेश तिवारी जी के सानिध्य में संपन्न होगा।

क्षेत्रवासियों के लिए विशेष आमंत्रण
शनिदेव महोत्सव समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक प्रवचन एवं कथा का समय निर्धारित है। समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों और धर्मप्रेमी जनता से आग्रह किया है कि वे इस पावन अवसर पर सपरिवार उपस्थित होकर महाप्रसाद एवं ईश्वरीय आशीर्वाद ग्रहण करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button